- कन्हैया को लगेगा मक्खन, तुलसीदल, पंजीरी का भोग
पंडित सुनील शर्मा के अनुसार जन्माष्टमी पर्व पर प्रत्येक सनातन धर्मी को प्रातःकाल व्रत का संकल्प लेना चाहिए। पूरे दिन उपवास रखते हुए श्रीकृष्ण उत्सव की तैयारियां करनी चाहिए। जन्माष्टमी पर्व पर घर के मुख्य द्वार पर बंधन बार पुष्प आदि से पूजा स्थान को सुसज्जित करना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण को पंचामृत, नैवेद्य मक्खन ,मिश्री, पंजीरी, तुलसीदल, तथा ऋतु फल भेंट करना चाहिए । भगवान के भजन, उनके चरित्रों का पाठ, गीता पाठ, विष्णु सहस्रनाम आदि के पठन एवं श्रवण करना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण का जन्म मध्य रात्रि को हुआ था अतः मध्य रात्रि में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन करना चाहिए। बाल गोपाल की प्रतिमा को पंचामृत से स्नान कराना चाहिए तथा यथासंभव पंचोपचार अथवा षोडशोपचार पूजन करना चाहिए। श्रीकृष्ण की बाल प्रतिमा को वस्त्र, यज्ञोपवित, चंदन, इत्र, पुष्प माला, धूप, मक्खन मिश्री एवं पंजीरी का नैवेद्य, ऋतु फल, पान का बीड़ा तथा दक्षिणा समर्पित करना चाहिए। इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण की कपूर या शुद्ध घी से आरती की जानी चाहिए। तदोपरांत प्रदक्षिणा करते हुए यथासंभव गोपाल सहस्त्रनाम का पाठ करते हुए श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाना चाहिए। भगवान को बांसुरी, मोर पंख, पारिजात के फूल अत्यंत प्रिय है इसलिए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर यह वस्तुएं भगवान को भेंट करना चाहिए ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें