पटना : शिक्षक दिवस पर वित्तरहित शिक्षकों की कफन पदयात्रा, सैकड़ों गिरफ्तार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 5 सितंबर 2026

पटना : शिक्षक दिवस पर वित्तरहित शिक्षकों की कफन पदयात्रा, सैकड़ों गिरफ्तार

  • शिक्षक नेताओं की गिरफ्तारी पर कृष्णा अल्लावरू ने कहा— शिक्षकों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है सरकार

Teachers-protest-patna
पटना, 5 सितंबर (रजनीश के झा) । बिहार कांग्रेस सेवा दल के तत्वावधान में शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य की वित्तरहित शिक्षा नीति के खिलाफ एवं वित्तरहित शिक्षकों के समर्थन में आज गांधी मैदान स्थित गांधी मूर्ति से शहीद स्मारक, विधानसभा तक कफन पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष डॉ. संजय यादव, सेवा दल के प्रभारी अफरोज आलम, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़ सहित बड़ी संख्या में वित्तरहित शिक्षक नेता, शिक्षक एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कफन पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस ने सरकार से वित्तरहित शिक्षकों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने, उनकी लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने तथा शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त असमानता को समाप्त करने की मांग की। पदयात्रा के दौरान पुलिस ने कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष डॉ. संजय यादव, अफरोज आलम, राजेश राठौड़, रुचि सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में सेवा दल के कार्यकर्ताओं एवं आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर लिया।


इस अवसर पर बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने कहा कि शिक्षक दिवस के दिन शिक्षकों और शिक्षक नेताओं को गिरफ्तार करना लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है। सरकार को शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, लेकिन वह उनकी आवाज सुनने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है। वित्तरहित शिक्षकों के साथ कांग्रेस मजबूती से खड़ी है और उनके हक की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि शिक्षक समाज को सम्मान देने के बजाय सरकार उनके अधिकारों और सम्मान के साथ खिलवाड़ कर रही है। वर्षों से वित्तरहित शिक्षक अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। कांग्रेस शिक्षकों के संघर्ष को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय यादव  ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किए बिना बिहार के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। सरकार को दमनात्मक कार्रवाई बंद कर वित्तरहित शिक्षकों के साथ तत्काल वार्ता करनी चाहिए और उनकी मांगों का न्यायपूर्ण समाधान करना चाहिए। मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़ ने  शिक्षकों के साथ हो रहे अन्याय को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि वित्तरहित शिक्षकों की मांगों को सरकार जल्दी से जल्दी पूरा करे ।

कोई टिप्पणी नहीं: