मुजफ्फरपुर : भीड़ ने आबकारी विभाग की टीम पर हमला कर शराब आपूर्तिकर्ता को छुड़ा लिया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 5 सितंबर 2026

मुजफ्फरपुर : भीड़ ने आबकारी विभाग की टीम पर हमला कर शराब आपूर्तिकर्ता को छुड़ा लिया

alcohol-smuggler-attack-officer-muzaffarpur
मुजफ्फरपुर, जिले में भीड़ ने आबकारी विभाग की टीम पर हमला कर दिया और कथित शराब आपूर्तिकर्ता को जबरन हिरासत से छुड़ा लिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को छापेमारी के दौरान सकरा थाना क्षेत्र के रूपनपट्टी चौक पर हुई। गोपनीय सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने पंकज कुमार ठाकुर को पकड़ने के लिए छापेमारी की। आरोप है कि वह इलाके में घर-घर शराब पहुंचाने का काम करता था। मुजफ्फरपुर के पुलिस उपाधीक्षक (पूर्वी-2) मनोज कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया, “टीम ने मोटरसाइकिल से जा रहे आरोपी को रोक लिया, लेकिन उसकी तलाशी ली जाती, उससे पहले ही आरोपी के बुलाने पर 20-25 लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। उन्होंने तलाशी का विरोध किया, हंगामा किया और आरोपी को छुड़ाने में कामयाब रहे।” उन्होंने बताया कि भीड़ ने छापेमारी करने गई टीम के साथ हाथापाई की और उनके वाहन को क्षतिग्रस्त करने तथा उसमें आग लगाने की धमकी दी। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया, “इसके बाद सकरा थाना पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर आरोपी के घर पर छापेमारी की। हालांकि, आरोपी पहले ही फरार हो चुका था और छापेमारी के दौरान कोई भी सामान बरामद नहीं किया जा सका।” उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग के अधिकारी उपेंद्र मंडल की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। इसमें पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है, जबकि कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपियों में से एक, रूपनपट्टी निवासी अरविंद मिश्रा, वर्तमान में पड़ोसी दरभंगा जिले में आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन डायल 112 के चालक के रूप में कार्यरत हैं। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: