सीहोर : कांग्रेस कार्यालय पर हमले का एक वर्ष पूर्ण होने पर कांग्रेस नेता ने गांधी पार्क में किया सत्याग्रह - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 1 सितंबर 2026

सीहोर : कांग्रेस कार्यालय पर हमले का एक वर्ष पूर्ण होने पर कांग्रेस नेता ने गांधी पार्क में किया सत्याग्रह

  • उपद्रवी भाजपाईयों पर कार्रवाई कर मुझे न्याय दिलाए जिला पुलिस और प्रशासन : पंकज शर्मा

Sehore-congress
सीहोर। जिला कांग्रेस कार्यालय सीहोर पर भाजपाईयों द्वारा हमला करने के मामले को मंगलवार को एक वर्ष पूर्ण हो गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने स्थानीय तहसील चौराहा स्थित गांधी पार्क पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनको नमन किया तथा उनके सामने दो मिनट का मौन रखकर उनसे सीहोर जिला पुलिस और प्रशासन सहित उपद्रवी भाजपाईयों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि आज ही के दिन एक साल पहले 1 सितंबर 2025 को सैकड़ों की संख्या में भाजपाईयों ने स्थानीय नया बस स्टैंड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर हमला कर वहां आग लगाने की कोशिश की थी। इस दौरान वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जब उनको रोकने का प्रयास किया तो भाजपाईयों ने उन पर हमला कर जमकर मारपीट और गाली-गलौच की तथा कार्यालय में घुसकर आग लगाने का प्रयास भी किया, जिसके वीडियो सभी जगह वायरल हुए थे। इस दौरान सीहोर के भाजपा विधायक सुदेश राय द्वारा जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा को गाली देकर उनके घर पर हमला करने की धमकी भी पुलिस और प्रशासन के सामने दी गई, लेकिन उनके रोकने के बजाय सीहोर जिला प्रशासन और पुलिस सब कुछ मूकदर्शक बनकर देखता रहा और उपद्रवी भाजपाईयों पर कोई कार्रवाई करने के बजाय उनको उपद्रव मचाने की खुली छूट दी गई, जिससे उनका हौसला बढ़ गया और वो कार्यालय में आग लगाने की।कोशिश भी करने लगे, जिसे कांग्रेसजनों ने विफल कर दिया। इसके बाद भाजपाईयों ने जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और विधायक सुदेश राय के नेतृत्व में कोतवाली थाने पहुंचकर वहां भी जमकर उत्पात मचाते हुए अपने रसूख के दम पर कोतवाली पुलिस पर दबाव बनाकर जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा पर झूठा मुकदमा कायम करवा दिया। कोतवाली पुलिस ने भी उनके दबाव में आकर कांग्रेस नेता पंकज शर्मा पर झूठा मुकदमा कायम कर लिया, जबकि उनको भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और सीहोर विधायक सुदेश राय पर मामला दर्ज करना था, लेकिन ऐसा ना कर पुलिस द्वारा उपद्रवियों के बजाय पीड़ित पर ही झूठा मुकदमा कायम कर दिया। इसी मामले के एक साल पूरे होने पर कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने गांधी पार्क जाकर मौन सत्याग्रह के द्वारा अपना विरोध दर्ज कराते हुए न्याय की मांग की तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से सीहोर जिला प्रशासन और पुलिस सहित उपद्रवी भाजपाईयों को सद्बुद्धि देने तथा शांति और अहिंसा के मार्ग पर चलने की राह दिखाने की प्रार्थना भी की।

कोई टिप्पणी नहीं: