सीहोर : 20 फीट के भव्य डोल पर सवार होकर निकले भगवान श्री नृसिंह - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 22 सितंबर 2026

सीहोर : 20 फीट के भव्य डोल पर सवार होकर निकले भगवान श्री नृसिंह

  • डमरू टीम, बैंड-बाजे और लहंगी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
  • 75 वर्षों से चली आ रही परंपरा में शामिल होने उमड़े भक्त, डोल के नीचे से निकलकर लिया आशीर्वाद

Bhagwan-narsingh-sehore
सीहोर। शहर के कोलीपुरा स्थित प्राचीन सिद्धपीठ श्री नृसिंह लक्ष्मी मंदिर में मंगलवार को डोल ग्यारस का पावन पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार भगवान श्री नृसिंह का भव्य डोल नगर भ्रमण के लिए निकाला गया। करीब 20 फीट ऊंचे भव्य डोल में भगवान श्री नृसिंह को विराजमान कर श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। डोल के नगर भ्रमण के दौरान डमरू टीम, बैंड-बाजे और लहंगी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। सुबह मंदिर में भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्री नृसिंह को डोल में विराजमान किया गया। दोपहर में कोलीपुरा स्थित मंदिर से डोल यात्रा प्रारंभ हुई। भगवान के नगर भ्रमण पर निकलते ही मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने जगह-जगह भगवान के दर्शन कर पुष्प अर्पित किए और पूजा-अर्चना की।


देवनगर, बढ़ियाखेड़ी सहित प्रमुख मार्गों से निकला डोल

भगवान श्री नृसिंह का भव्य डोल कोलीपुरा से प्रारंभ होकर देवनगर कॉलोनी, बढ़ियाखेड़ी, नदी चौराहा, कोतवाली चौराहा सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। डोल के साथ बैंड-बाजे, डमरू टीम और लहंगी कलाकार चल रहे थे। पारंपरिक प्रस्तुतियों और धार्मिक गीतों से पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा वातावरण बना रहा। श्रद्धालु अपने घरों और मार्ग के आसपास खड़े होकर भगवान के दर्शन करते रहे। डोल करीब 10 घंटे से अधिक समय तक नगर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए और पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।


डोल के नीचे से निकलने की परंपरा में शामिल हुए श्रद्धालु

संत माधवदास महाराज और मंदिर समिति के अध्यक्ष दुर्गेश यादव ने बताया कि डोल ग्यारस के अवसर पर वर्षों से श्रद्धालुओं के डोल के नीचे से निकलने की परंपरा चली आ रही है। धार्मिक आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री नृसिंह का आशीर्वाद प्राप्त करने की भावना से डोल के नीचे से निकलते हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली। उन्होंने बताया कि श्री नृसिंह लक्ष्मी मंदिर का डोल अपनी भव्यता और लंबे समय से चली आ रही धार्मिक परंपरा के कारण सीहोर शहर के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष पहचान रखता है। डोल ग्यारस के आयोजन का श्रद्धालुओं को पूरे वर्ष इंतजार रहता है। भगवान के डोल में विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकलते ही बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।


75 वर्षों से निरंतर चली आ रही धार्मिक परंपरा

श्री नृसिंह लक्ष्मी मंदिर से डोल निकालने की परंपरा 75 वर्षों से अधिक समय से निरंतर चली आ रही है। पीढ़ियों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के प्रति शहर और आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है। डोल ग्यारस के दिन भगवान श्री नृसिंह का विशेष श्रृंगार किया जाता है और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद उन्हें डोल में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाता है। इस दौरान रास्ते भर श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर पुष्प अर्पित करते रहे। जगह-जगह लोगों ने पूजा-अर्चना की। डोल यात्रा के दौरान धार्मिक उत्साह और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया। आयोजन के दौरान मंदिर समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

कोई टिप्पणी नहीं: