दिल्ली : डूसू चुनाव में कुलपति ने शिक्षकों से निष्पक्षता सुनिश्चित करने और पक्षपात से बचने को कहा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 16 सितंबर 2026

दिल्ली : डूसू चुनाव में कुलपति ने शिक्षकों से निष्पक्षता सुनिश्चित करने और पक्षपात से बचने को कहा

dusu-election
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह ने बुधवार को अधिकारियों और कॉलेज प्राचार्यों को निर्देश दिया कि छात्रसंघ चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से सुनिश्चित किए जाएं। सिंह ने 18 सितंबर को होने वाले दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कॉलेज प्राचार्य, छात्रावासों के वार्डन और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। विश्वविद्यालय के एक बयान के अनुसार, सिंह ने कहा, "डूसू चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होने चाहिए। दिल्ली विश्वविद्यालय और उसके शिक्षकों के लिए सभी छात्र समान हैं।" उन्होंने शिक्षकों से किसी भी तरह के पक्षपात से बचने का आग्रह किया और कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों के सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कुलपति ने प्राचार्यों को अगले तीन से चार दिनों तक अपने-अपने कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने तथा चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस के साथ समन्वय के लिए एक शिक्षक को संपर्क अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रबंधन में शिक्षकों की अधिक भागीदारी से मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मदद मिलेगी। विश्वविद्यालय के अनुसार, मतदान से एक दिन पहले कॉलेज में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पहुंचाई जाएंगी। इनका वितरण सुबह आठ बजे शुरू होगा और इसके लिए नियुक्त मास्टर ट्रेनर ईवीएम को कॉलेज तक पहुंचाएंगे। दिन की पाली के छात्रों के लिए मतदान सुबह 8.30 बजे से अपराह्न एक बजे तक होगा, जबकि शाम की पाली में पढ़ने वाले छात्र अपराह्न तीन बजे से शाम 7.30 बजे तक मतदान कर सकेंगे। मतदान के बाद छात्र प्रतिनिधियों और चुनाव अधिकारियों की मौजूदगी में ईवीएम को सील करके विश्वविद्यालय इंडोर स्टेडियम के बहुउद्देश्यीय हॉल में वापस लाया जाएगा। मतगणना 19 सितंबर को बहुउद्देश्यीय हॉल में होगी। विश्वविद्यालय ने बताया कि चुनाव अवधि के दौरान संवेदनशील स्थानों पर संभावित हिंसा की घटनाओं को रोकने के लिए 18 सितंबर तक रात में गश्त जारी रहेगी। मतदान के दिन कॉलेज, विभागों और संस्थानों के बाहर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। उसने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत महिला कॉलेज में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। बैठक में कॉलेज के डीन बलराम पाणि, साउथ कैंपस निदेशक रजनी अब्बी, रजिस्ट्रार विकास गुप्ता, मुख्य चुनाव अधिकारी राज किशोर शर्मा, मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश सिंह, संस्कृति परिषद अध्यक्ष एवं जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) अनूप लाठर भी शामिल हुए।

कोई टिप्पणी नहीं: