दिल्ली : अमेरिका के सामने समर्पण करते जा रहे हैं ‘हाउडी मोदी’ : खड़गे - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 16 सितंबर 2026

दिल्ली : अमेरिका के सामने समर्पण करते जा रहे हैं ‘हाउडी मोदी’ : खड़गे

Pm-modi-surrender-to-trump-kharge
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय वस्तुओं पर 100 प्रतिशत तक अमेरिकी शुल्क लगाए जाने का प्रस्ताव इस बात का प्रमाण है कि मोदी सरकार की विदेश नीति और व्यापार नीति दोनों ‘‘बुरी तरह विफल’’ हो चुकी हैं और ‘‘हाउडी मोदी’’ वाशिंगटन के सामने समर्पण करते जा रहे हैं। खरगे की यह टिप्पणी अमेरिकी प्रतिनिधि सभा द्वारा एक विधेयक को आगे बढ़ाने के पक्ष में मतदान किए जाने के बाद आई है। इस विधेयक में रूस से तेल और गैस खरीदने वाले भारत तथा अन्य देशों पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाने और ईरान पर मौजूदा प्रतिबंधों को बढ़ाने का अधिकार देने का प्रावधान है। इसको लेकर खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘नरेन्द्र मोदी जी, आपके प्रिय मित्र ‘अबकी बार, ट्रंप सरकार’ हुक्म देते हैं, आप समर्पण कर देते हैं और 140 करोड़ भारतवासियों को इसके परिणाम भुगतने पड़ते हैं।’’ 


कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘भारतीय वस्तुओं पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाए जाने की धमकी दर्शाती है कि मोदी सरकार की विदेश और व्यापार नीतियां बुरी तरह विफल रही हैं।’’ उनका कहना है कि दवाइयों, कपड़ा, इंजीनियरिंग से संबंधित वस्तुओं, रसायन, ऑटो के कलपुर्जों, रत्न एवं आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों को शुल्क के गंभीर झटके का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘पहले 25 प्रतिशत शुल्क लगा, फिर 50 प्रतिशत और अब 100 प्रतिशत शुल्क की धमकी दी जा रही है। इस बीच, मोदी सरकार ने एक ऐसे व्यापार ढांचे पर सहमति जताई है जो भारत के कृषि उत्पादों तक अमेरिकी पहुंच बढ़ाता है और हमारे किसानों के हितों को गिरवी रखता है! यह ढांचा पांच साल में 500 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के अमेरिकी सामान खरीदने के लिए लगभग बाध्य करता है।’’ खरगे ने कहा, ‘‘यूपीआई पर एमडीआर को लेकर कल किया गया समर्पण आपकी सरकार की कमजोरी का एक और स्पष्ट उदाहरण है।’’  उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘शुल्क और व्यापार से लेकर एच-1बी वीजा, आव्रजन, वीजा और डिजिटल भुगतान तक, वाशिंगटन का दबाव लगातार बढ़ रहा है और आप, ‘हाउडी मोदी जी’, लगातार समर्पण करते जा रहे हैं।’’ ‘हाउडी मोदी’ 22 सितंबर, 2019 को अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिकों का कार्यक्रम था। इसमें प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भाग लिया था। इसी कार्यक्रम में ‘अबकी बार, ट्रंप सरकार’ का नारा दिया गया था। कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने भी अमेरिकी विधेयक को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘हम अमेरिका और चीन के साथ खेल नहीं खेल रहे हैं। हम खुद फुटबाल बन गए हैं।’’

कोई टिप्पणी नहीं: