भारत में ताइपे आर्थिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के प्रमुख चेन ने यह उम्मीद भी जताई कि ताइवानी और भारतीय कलाकार साथ काम करेंगे तथा भारतीय फिल्म निर्माता ताइवान में फिल्मों की शूटिंग करेंगे। उन्होंने कहा कि ताइवान में खूबसूरत प्राकृतिक नजारों के साथ आधुनिक शहर भी हैं। ताइवान की राष्ट्रीय बेसबॉल टीम के विश्व चैंपियनशिप जीतने के सफर पर आधारित वृत्तचित्र ‘हीरो! हितो!’ को ताइवानी और भारतीय दर्शकों से खचाखच भरे सभागार में देखने के बाद चेन ने कहा कि भारतीय सिनेमा का आकर्षण भारत से कहीं आगे तक फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि ताइवान के लोग नेटफ्लिक्स और अन्य ऑनलाइन स्ट्रीमिंग मंचों के माध्यम से अब तेजी से बॉलीवुड फिल्म देख रहे हैं। चेन ने कहा, ‘‘भारत बहुत बड़े पैमाने पर फिल्म बनाने वाला देश है और भारतीय फिल्म केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि बहुत प्रसिद्ध भी हैं। उनकी लोकप्रियता सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में भी है। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में ताइवान और भारत मिलकर फिल्म बनाने के लिए सहयोग करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि अब तक देखी गई बॉलीवुड फिल्मों में से अपनी पसंदीदा फिल्म चुनना उनके लिए मुश्किल है, क्योंकि वह हर सप्ताह और फिल्म देखते रहते हैं। चेन ने कहा, ‘‘यहां फिल्म देखने आए कई ताइवानी लोग वास्तव में भारतीय संस्कृति के प्रशंसक हैं। वे भारतीय कला और नृत्य सीखते हैं तथा आज यहां मौजूद हैं।’’ उन्होंने कहा कि ताइवान के लोगों की रुचि अब केवल भारतीय फिल्म देखने तक सीमित नहीं है।
नई दिल्ली । ताइवान में अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान के प्रशंसक हैं तथा जब भी ये दोनों अभिनेता किसी फिल्म की शूटिंग के लिए वहां जाएंगे, तो यह ‘‘बड़ी खबर’’ होगी। ताइवान के भारत में प्रतिनिधि मुमिन चेन ने यह बात कही। वह भारतीय फिल्मों के भी बड़े प्रशंसक हैं। त्रिवेणी कला संगम में जारी ताइवान फिल्म महोत्सव से इतर बातचीत में चेन ने ताइवान और भारत के बीच भविष्य में सिनेमाई संबंधों को लेकर अपनी एक खास इच्छा जाहिर की। वह चाहते हैं कि बॉलीवुड के बड़े सितारे ताइवान जाएं और वहां भारतीय फिल्मों की शूटिंग हो, जिससे यह देश भारतीय सिनेमा के लिए एक प्रमुख शूटिंग स्थल बन सके। चेन ने कहा, ‘‘शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन जैसे सबसे प्रसिद्ध भारतीय फिल्म कलाकार कभी ताइवान नहीं गए हैं। वहां उनके प्रशंसक हैं और यदि कभी वे ताइवान जाते हैं, तो यह बड़ी खबर होगी।’’

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें