मधुबनी : जयनगर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए सिविल सर्जन का सख्त निर्देश - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026

मधुबनी : जयनगर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए सिविल सर्जन का सख्त निर्देश

Gram-rakshadal-madhubani
जयनगर/मधुबनी, 23 अक्टूबर (रजनीश के झा) । जयनगर अनुमंडलीय अस्पताल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। बिहार ग्राम रक्षा दल, बिहार प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राम प्रसाद राऊत द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों पर सिविल सर्जन, मधुबनी के कार्यालय से 19 अक्टूबर 2026 को पत्र जारी कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्राप्त पत्र के अनुसार, जयनगर अनुमंडलीय अस्पताल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।


पत्र में प्रमुख रूप से निम्नलिखित निर्देश दिए गए हैं—

1. डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति: सभी विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारियों एवं कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था का अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया है।

2. लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई: बिना अनुमति अनुपस्थित रहने अथवा ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करने की बात कही गई है।

3. 24×7 आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा: अनुमंडलीय अस्पताल में चौबीसों घंटे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित ओपीडी, टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं अन्य बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कराने का निर्देश दिया गया है।

4. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर को चालू करने की मांग: पत्र में उल्लेख किया गया है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जयनगर लगभग 10 वर्षों से प्रभावी रूप से बंद पड़ा है तथा वहां नियमित ओपीडी सेवा संचालित नहीं हो रही है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए ओपीडी सेवा प्रारंभ कराने एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।


राम प्रसाद राऊत ने कहा—जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवा दिलाना हमारा संकल्प

बिहार ग्राम रक्षा दल, बिहार प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राम प्रसाद राऊत ने कहा कि जयनगर क्षेत्र की जनता को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति, समय पर इलाज, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुविधाएं जनता का अधिकार हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर में नियमित ओपीडी सेवा का संचालन लंबे समय से प्रभावित रहने का विषय अत्यंत गंभीर है। ग्रामीण एवं गरीब परिवारों को सामान्य इलाज के लिए भी परेशान नहीं होना चाहिए। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को जनसेवा के केंद्र के रूप में विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने सिविल सर्जन, मधुबनी द्वारा जारी निर्देशों का स्वागत करते हुए संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया कि आदेश का धरातल पर शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। केवल पत्र जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता, नियमित ओपीडी, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को सम्मानजनक इलाज मिलना भी सुनिश्चित होना चाहिए।


राम प्रसाद राऊत ने कहा कि बिहार ग्राम रक्षा दल जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज उठाता रहेगा। जयनगर की स्वास्थ्य व्यवस्था में वास्तविक सुधार होने तक जनता के हित में प्रयास जारी रहेंगे। हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को जवाबदेह बनाना और आम जनता को उसका अधिकार दिलाना है।

कोई टिप्पणी नहीं: