दिल्ली : सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन गति को और तेज किया जा सकता है : वायुसेना प्रमुख - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 7 अक्टूबर 2026

दिल्ली : सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन गति को और तेज किया जा सकता है : वायुसेना प्रमुख

I
नई दिल्ली। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने बुधवार को कहा कि वायुसेना ‘‘सही दिशा में आगे बढ़ रही है’’ लेकिन इसकी गति थोड़ी और तेज की जा सकती है तथा तेजी से बदलती प्रौद्योगिकी के दौर में वायुसेना को अपनी क्षमताओं को और मजबूत करने की जरूरत है। यहां सुब्रतो पार्क स्थित वायुसेना सभागार में वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर वायु योद्धाओं और वायुसेना के पूर्व कर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे क्षेत्र हैं, ‘‘जहां हमें अधिक उन्नत क्षमताओं, तेजी से नए संसाधनों को शामिल करने और अधिक युद्धक संसाधनों की जरूरत है।’’ इसी महीने सेवानिवृत्त होने वाले वायुसेना प्रमुख सिंह, आशुतोष दीक्षित को अपना कार्यभार सौंपेंगे, जिन्हें उनका उत्तराधिकारी नियुक्त किया गया है। अपने संबोधन में सिंह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारतीय वायुसेना का ध्यान “प्लेटफॉर्म-केंद्रित दृष्टिकोण से हटकर क्षमता-केंद्रित दृष्टिकोण” पर केंद्रित हुआ है। उन्होंने कहा कि विभिन्न इकाइयों के एकीकरण पर भी जोर दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘वायुसेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान अपने पराक्रम का लोहा मनवाया।’’ सिंह ने कहा कि वायुसेना में क्षमताओं के विस्तार और अन्य क्षेत्रों में प्रगति हो रही है, लेकिन उन्होंने कुछ परियोजनाओं में हो रही देरी को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन क्या हमारी प्रगति सही रफ्तार से हो रही है, यह तय करना सभी का काम है। हां, हम मौजूदा गति से थोड़ी और तेजी से आगे बढ़ सकते हैं।’’ उन्होंने एलसीए एमके-1ए परियोजना में हो रही देरी का भी उल्लेख किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सैन्य अभियानों ने वायुसेना की क्षमताओं को परखा, सैन्य अभ्यासों ने उसकी क्षमता को और निखारा, मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभियानों ने उसकी पहुंच देश की सीमाओं से बाहर तक बढ़ाई, जबकि वायु कूटनीति ने विभिन्न देशों के साथ उसकी साझेदारियों का विस्तार किया।

कोई टिप्पणी नहीं: