- पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान मंडल अध्यक्ष को बचाने का आरोप, कार्रवाई की मांग पर अड़े छात्र नेता
- कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती पहुंचे अनशन स्थल

सीहोर। जन भागीदारी मामले में कथित अनियमितताओं को लेकर एनएसयूआई का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हरिओम सिसोदिया एवं यश यादव करीब 55 घंटे से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता अनशन स्थल पर मौजूद रहे। एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि मामले में पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान मंडल अध्यक्ष को बचाने के लिए शासन-प्रशासन स्तर पर जिम्मेदारों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। संगठन का कहना है कि मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य सबूत शासन-प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए जा चुके हैं, इसके बावजूद अब तक जांच और कार्रवाई को लेकर स्पष्ट कदम सामने नहीं आया है। एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि छात्रों के पैसों का पूरा हिसाब देना होगा और सामने आए सबूतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी होगी। संगठन ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन छात्रों के हक और अधिकार की लड़ाई है तथा मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इधर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती भी अनशन स्थल पर पहुंचे और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं से चर्चा कर आंदोलन को समर्थन दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें