- अभिषेक यादव और युवराज के बल्ले से निकले शतक, दिव्यांश ने भी जड़ा अर्धशतक; केतन रेवडिकर बने मैन ऑफ द मैच
अभिषेक यादव और युवराज ने जड़े शानदार शतक
फाइनल मुकाबले के दूसरे दिन भोपाल की टीम ने अपनी पहली पारी को आगे बढ़ाते हुए तीन विकेट के नुकसान पर 382 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने शानदार तालमेल के साथ बल्लेबाजी की और सीहोर के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। भोपाल की ओर से अभिषेक यादव ने 192 गेंदों का सामना करते हुए 119 रन की शानदार पारी खेली। वहीं युवराज ने 155 गेंदों में 114 रन बनाकर टीम के बड़े स्कोर में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दिव्यांश गोयल ने 104 गेंदों पर 75 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि वेदांश ने 75 गेंदों में 45 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत भोपाल ने सीहोर के सामने मजबूत चुनौती पेश की। सीहोर की ओर से गेंदबाजी करते हुए प्रियांश मालवीय और पृथ्वीराज ने एक-एक विकेट हासिल किया। हालांकि भोपाल के बल्लेबाजों ने लगातार रन बनाते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
पहली पारी में सीहोर के बल्लेबाज नहीं दिखा सके दम
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि फाइनल मुकाबले के पहले दिन सीहोर की टीम ने पहले बल्लेबाजी की थी, लेकिन भोपाल के गेंदबाजों के सामने टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। सीहोर की पूरी टीम 66.2 ओवर में 96 रन बनाकर आउट हो गई। सीहोर की ओर से आनंद मेवाड़ा ने 46 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका। इसके बाद भोपाल ने बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन एक विकेट के नुकसान पर 108 रन बना लिए थे। दूसरे दिन टीम ने अपनी पारी को आगे बढ़ाया और तीन विकेट पर 382 रन बनाकर मजबूत स्थिति हासिल की। भोपाल के बल्लेबाजों की शानदार पारियों और गेंदबाजों के प्रभावी प्रदर्शन ने मुकाबले का रुख टीम के पक्ष में कर दिया। फाइनल मुकाबले में भोपाल की जीत में गेंदबाज केतन रेवडिकर की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। भोपाल के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए टीम को खिताबी जीत दिलाई।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें