- संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अभाकिम ने निकाला जुलूस, बिहार और बंगाल के चुनाव रद्द करने की उठाई मांग
समस्तीपुर, 23 अक्टूबर (रजनीश के झा) । संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के खिलाफ शुक्रवार को समस्तीपुर शहर में विरोध प्रदर्शन किया गया। अखिल भारतीय किसान महासभा (अभाकिम) के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने मालगोदाम चौक से जुलूस निकाला। जुलूस शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए स्टेशन चौक पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता अभाकिम के जिला सचिव ललन कुमार ने किया। सभा को भाकपा माले के जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार, माले जिला कमिटी सदस्य बंदना सिंह, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, अनील चौधरी, सोनेलाल पासवान, उमेश राय सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने, SIR की प्रक्रिया रद्द करने तथा SIR के बाद बिहार और पश्चिम बंगाल में हुए चुनावों को रद्द करने की मांग उठाई। वक्ताओं ने SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए खतरा बताया और मताधिकार की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। प्रदर्शन के दौरान “हमारा वोट, हमारे अधिकार, हमारा लोकतंत्र” का नारा बुलंद किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची से किसी भी योग्य मतदाता का नाम नहीं हटाने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। अंत में वोट चोर ज्ञानेश कुमार का पूतला फूंककर ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग की गई।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें