- दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को एक ही छत के नीचे मिलेंगे सहायक उपकरण एवं आधुनिक तकनीकी समाधान

पटना, 25 अक्टूबर, (रजनीश के झा) । भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत कार्यरत एलिम्को द्वारा दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं जरूरतमंद व्यक्ति के लिए सहायक उपकरणों की उपलब्धता को सुलभ बनाने तथा आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन को बढ़ावा देने के उद्देश्य के साथ आज गोला रोड, दानापुर, पटना में पूर्वी भारत के प्रथम एलिम्को ए टी मार्ट (असिस्टिव टेक्नोलॉजी मार्ट) का उद्घाटन किया गया। एलिम्को की यह पहल विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरणों एवं आधुनिक तकनीक आधारित समाधानों को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। ए टी मार्ट का लक्ष्य दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों तथा अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों को उनकी दैनिक जीवन की आवश्यकताओं के अनुरूप उपयोगी उपकरणों एवं तकनीकी समाधानों की जानकारी और विकल्पों तक सहज पहुँच प्रदान करना है। यह प्रयास सहायक तकनीकों को लाभार्थियों के और निकट लाने के साथ-साथ उनकी स्वतंत्रता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर एलिम्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार ने कहा कि हमारा प्रयास है कि जरूरतमंद व्यक्तियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप उपकरणों की जानकारी एवं उपयुक्त विकल्प एक ही स्थान पर उपलब्ध हो। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र बिहार एवं आसपास के क्षेत्रों में लाभार्थियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा और यह पहल आगे चलकर बिहार के अन्य प्रमुख शहरों तक भी विस्तारित हो सकती है। दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय, बिहार के उप निदेशक सुधीर चौधरी ने कहा कि पटना में यह पहल एलिम्को और बिहार सरकार के बीच समन्वय को और सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करती है, जिससे अधिकाधिक लोगों को उपलब्ध सहायक तकनीकों एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक किया जा सकेगा और वे इनका लाभ उठाकर अधिक स्वतंत्र, सम्मानजनक एवं सशक्त जीवन जी सकेंगे।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के राज्य कार्यालय (बिहार) में निदेशक राजीव उपाध्याय ने विश्वास जताया कि बिहार सरकार एवं एलिम्को के बीच बेहतर समन्वय और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अभिसरण से इस पहल का लाभ अधिकाधिक जरूरतमंद व्यक्तियों तक पहुँचेगा तथा एक समावेशी समाज के निर्माण को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर एलिम्को के स्वतंत्र निदेशक महेंद्र कुमार पोद्दार ने कहा एलिम्को का उद्देश्य केवल सहायक उपकरणों को उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में स्वतंत्रता, आत्मविश्वास और सम्मान के नए अवसरों का विस्तार करना है। पटना में ए टी मार्ट की स्थापना इसी प्रयास को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पटना स्थित एटी मार्ट में मोटराइज्ड व्हीलचेयर, इलेक्ट्रिक स्कूटी, छड़ी, बैसाखी, कृत्रिम अंग तथा अन्य गतिशीलता सहायक उपकरणों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त, एआई-रीडर जैसी तकनीक आधारित सुविधाओं, आधुनिक श्रवण यंत्रों तथा अन्य सहायक उपकरणों को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे लाभार्थी अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप उपयुक्त उपकरणों एवं तकनीकी समाधानों के विकल्पों से परिचित हो सकेंगे। उद्घाटन समारोह में अनुपम प्रकाश, जोनल हेड (पूर्वी क्षेत्र), एलिम्को सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने एटी मार्ट का अवलोकन किया और वहाँ प्रदर्शित सहायक उपकरणों, तकनीकी समाधानों एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। इस पहल के माध्यम से लाभार्थियों को विभिन्न उपकरणों के विकल्पों से परिचित होने तथा अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप समाधान तलाशने का अवसर मिलेगा
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें