सीहोर : कुबेरेश्वरधाम में दीपावली पर जगमगाएंगे हजारों दीप, सजेगा अन्नकूट महोत्सव - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026

सीहोर : कुबेरेश्वरधाम में दीपावली पर जगमगाएंगे हजारों दीप, सजेगा अन्नकूट महोत्सव

  • 8 नवंबर को बाबा कुबेर भंडारी का अभिषेक-पूजन और खजाना पूजन, दीप पर्व को लेकर धाम में तैयारियां तेज

Kubereshwar-dham-sehore
सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ कुबेरेश्वरधाम में दीपावली का पर्व इस वर्ष भी आस्था, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। दीपोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर हजारों दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। वहीं, आगामी 8 नवंबर को बाबा कुबेर भंडारी का अभिषेक-पूजन और खजाना पूजन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। पर्व को लेकर अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में विठलेश सेवा समिति और श्रद्धालुओं द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। दीपावली के मद्देनजर मंदिर परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। दीप पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मिट्टी की कला और पारंपरिक दीपों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में हजारों श्रद्धालु धाम पहुंचकर दीप प्रज्ज्वलित करते हैं। इस वर्ष भी दीपोत्सव को विशेष बनाने की तैयारियां चल रही हैं। कार्तिक मास में कुबेरेश्वरधाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य सदस्यों के सहयोग से श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी वितरित की जा रही है। दीपावली के साथ रूप चौदस, गोवर्धन पूजा और भाई-दूज सहित पांच दिवसीय दीप पर्व पर विशेष पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियां होंगी।


अन्नकूट महोत्सव में लगेगा भगवान को पकवानों का भोग

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि दीपावली पर्व के अवसर पर आगामी दिनों में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा। अन्नकूट सनातन धर्म की महत्वपूर्ण परंपराओं में से एक है। इसे गोवर्धन पूजा से भी जोड़कर देखा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को 56 अथवा 108 प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया जाता है। विभिन्न व्यंजनों से आकर्षक आकृतियां बनाकर भोग सजाया जाता है, जिसे अन्नकूट कहा जाता है। उन्होंने बताया कि कुबेरेश्वरधाम में संचालित विशाल भोजनशाला में आने वाले श्रद्धालुओं को नि:शुल्क भोजन प्रसादी उपलब्ध कराई जाती है। दीपावली और अन्नकूट महोत्सव के दौरान भी सेवा और भक्ति की इसी परंपरा के साथ श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी। दीपों की जगमगाहट, विशेष पूजन और अन्नकूट महोत्सव के माध्यम से कुबेरेश्वरधाम में दीप पर्व भक्तिमय वातावरण में मनाया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: