भाजपा की दिल्ली इकाई ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में दावा किया कि भाजपा सरकार ने दो वर्षों में वह काम कर दिखाया जो कांग्रेस और आप 27 वर्षों में नहीं कर सकीं। उन्होंने केजरीवाल को भी नदी में डुबकी लगाने की चुनौती दी। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भाजपा के ये धोखेबाज दिल्ली के बारे में कुछ नहीं जानते। यह सर्वविदित है कि पल्ला से वजीराबाद तक यमुना नदी का 26 किलोमीटर का हिस्सा हमेशा से तुलनात्मक रूप से साफ रहा है। डीपीसीसी की रिपोर्ट के अनुसार आप सरकार के दौरान यह और भी साफ था।’’ दिल्ली में यमुना का प्रवाह जैसे-जैसे आगे बढ़ता है, इसमें प्रदूषण का स्तर भी बढ़ता जाता है। वजीराबाद से ओखला के बीच का 22 किलोमीटर का दायरा सबसे अधिक प्रदूषित माना जाता है, जो लंबे समय से विभिन्न नीतिगत और प्रशासनिक प्रयासों का मुख्य केंद्र रहा है। भारद्वाज ने कहा, ‘‘मैं मनोज तिवारी और जल मंत्री परवेश वर्मा को कालिंदी कुंज घाट पर पानी पीने की चुनौती देता हूं। पिछले साल भी वे इस चुनौती से भाग गए थे। इस साल भी वे भाग खड़े होंगे।’’ सोनिया विहार घाट के अपने दौरे के दौरान तिवारी ने एक लोकगीत भी गाया और छठ पूजा मनाने वाले लोगों को यमुना तट पर आकर पूजा-अर्चना करने के लिए आमंत्रित किया।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद मनोज तिवारी ने बृहस्पतिवार को यमुना नदी में डुबकी लगाई और दावा किया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता नीत सरकार द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियानों के कारण पिछले एक साल में नदी का प्रदूषण काफी हद तक कम हुआ है। भाजपा नेता ने यह भी कहा कि अब लोग यमुना के तट पर फिर से छठ पूजा मना सकते हैं। कुछ ही दिन पहले, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यमुना की सफाई के उद्देश्य से 8,941 करोड़ रुपये की 43 परियोजनाओं की शुरुआत की थी और वादा किया था कि भाजपा सरकार मई 2029 तक दिल्ली में यमुना के प्रवाह क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ बनाना सुनिश्चित करेगी। उत्तर पूर्व दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा सांसद तिवारी ने कहा कि नदी के कुछ स्थानों पर प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी यमुना की स्थिति में सुधार का संकेत देती है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर नदी साफ न होती तो ये पक्षी यहां नहीं आते।’’ तिवारी ने कहा कि उन्होंने सोनिया विहार में यमुना के पानी से आचमन किया। उन्होंने नदी की सफाई के प्रयासों के लिए भाजपा सरकार की सराहना की और आम आदमी पार्टी (आप) पर इस संबंध में विफल रहने का आरोप लगाया। तिवारी ने कहा, ‘‘आप नदी को प्रदूषित करने का दोष हरियाणा पर मढ़ती थी। जब से भाजपा सत्ता में आई है, उसने डेढ़ साल में आधी नदी साफ कर दी है।’’ उन्होंने कहा कि स्वच्छता संबंधी बाकी कार्य अगले तीन वर्षों में पूरे कर लिये जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें