उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि अब यह समझा जा सकेगा कि वर्षों से कुछ मीडिया प्रकाशनों द्वारा तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने के बावजूद, मेरे पिता से दूरी बनाए रखने और उन्हें अपने बच्चों से संपर्क नहीं करने देने के मेरे फैसले के पीछे केवल एक ही कारण था—उनकी सुरक्षा। मुझे भरोसा था कि अधिकारी दूसरे परिवारों के लिए भी ऐसा ही कर रहे होंगे।’’ मेगन के अपने पिता थॉमस मर्केल से संबंध तब से खराब हैं, जब उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से प्रिंस हैरी के साथ उनकी शादी में शामिल होने में असमर्थता जताई थी। वह अब तक अपने सात वर्षीय नाती प्रिंस आर्ची और पांच वर्षीय नातिन प्रिंसेस लिलिबेट से नहीं मिले हैं। ‘द सन’ की रिपोर्ट के मुताबिक मर्केल जूनियर ने फिलीपीन में जांचकर्ताओं को बताया कि उन्हें सेबू स्थित उस घर में चार बड़े बक्सों में रखे कंप्यूटर और मोबाइल फोन में बाल यौन शोषण से जुड़ी सैकड़ों तस्वीरें मिली थीं। मर्केल सीनियर मई में स्ट्रोक आने के बाद अमेरिका लौटने तक इसी घर में रह रहे थे। साठ वर्षीय मर्केल जूनियर ने कहा कि उन्होंने अमेरिका में एफबीआई से भी संपर्क किया था, जबकि उनके पिता ने इन आरोपों का जोरदार खंडन किया है।
ब्रिटेन के प्रिंस हैरी की पत्नी मेगन मॉर्केल ने शुक्रवार को कहा कि वह अपने पिता पर बाल यौन शोषण से जुड़ी तस्वीरें रखने के आरोपों की खबरें सुर्खियों में आने से ‘‘बेहद व्यथित’’ हैं। डचेस ऑफ ससेक्स मेगन ने यह बयान ‘द सन’ अखबार में प्रकाशित उन दावों के बाद दिया, जिनमें उनके सौतेले भाई थॉमस मर्केल जूनियर ने कथित तौर पर कहा था कि उन्हें फिलीपीन में अपने पिता के पूर्व आवास पर उनकी तस्वीरों का एक बड़ा संग्रह मिला था। इसके बाद यह जानकारी सामने आई कि ब्रिटेन के अधिकारियों ने पूर्व हॉलीवुड अभिनेत्री मेगन को पहले ही सूचित कर दिया था कि इन आरोपों की जांच की जा रही है। मेगन (45) ने एक बयान में कहा, ‘‘पिछले 24 घंटों में जो खबरें सामने आई हैं, उनसे मैं बेहद दुखी हूं और मेरी संवेदनाएं उन सभी बच्चों के साथ हैं, जिन्हें नुकसान पहुंचाया गया हो सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2018 में मेट्रोपॉलिटन पुलिस और ‘रॉयल्टी एंड स्पेशलिस्ट प्रोटेक्शन’ को एक पत्र भेजा गया था। बाद में वह पत्र मुझसे भी साझा किया गया। उसमें मेरे पिता के खिलाफ परेशान करने वाले और गंभीर आरोप लगाए गए थे और मुझे आश्वासन दिया गया था कि इनकी जांच की जा रही है।’’

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें