बदलाव की हवा चल रही है; गैर-गंभीर ट्रंप पर लगाम लगाने का आखिरी बेहतरीन मौका : ओबामा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026

बदलाव की हवा चल रही है; गैर-गंभीर ट्रंप पर लगाम लगाने का आखिरी बेहतरीन मौका : ओबामा

obama-attack-trump
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ‘उम्मीद और बदलाव’ का अपना लगभग दो दशक पुराना संदेश दोहराते हुए मतदाताओं से आग्रह किया कि वे ‘गैर-गंभीर’ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी पर लगाम लगाने के अपने आखिरी और सबसे बेहतरीन मौके का इस्तेमाल करें। पूर्व राष्ट्रपति ने बुधवार शाम अटलांटा में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें पहले से ही महसूस हो रहा है कि ‘‘बदलाव की हवा चल रही है’’ और लोग ‘‘कुछ नया पाने के लिए बेहद उत्सुक हैं।’’ उन्होंने डिस्कवरी सेंटर में जमा हुए हजारों डेमोक्रेटिक समर्थकों से कहा, ‘‘ये लोग गंभीर नहीं हैं। और इनकी इसी गैर-गंभीरता की कीमत हम सभी चुका रहे हैं।’’


उनके 45 मिनट के भाषण के दौरान वहां मौजूद समर्थक लगातार उनका उत्साह बढ़ाते रहे। अमेरिकी सीनेटर के तौर पर ओबामा 2008 में देश के 44वें राष्ट्रपति चुने गए थे और यह उनका पहला कार्यकाल था। ओबामा की इस जीत में उनकी प्रभावशाली भाषण कला और उम्मीद के उस संदेश का योगदान था जो उनके चुनाव अभियान के नारे ‘‘हां, हम कर सकते हैं’’ और बदलाव के उनके आह्वान में झलकता था। ओबामा ने अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ की भव्य सजावट की तुलना सद्दाम हुसैन (इराक के पूर्व राष्ट्रपति) द्वारा लोकप्रिय अमेरिकी रेस्तरां श्रृंखला ‘चीजकेक फैक्टरी’ को सजाने से की थी। ‘चीजकेक फैक्टरी’ अपनी शानदार सजावट के लिए मशहूर है। इसके बाद ट्रंप प्रशासन द्वारा की गई आलोचनाओं का भी ओबामा ने करारा जवाब दिया। ओबामा ने कहा, ‘‘सद्दाम हुसैन वाली बात से उन्हें परेशानी नहीं हुई। लेकिन चीजकेक फैक्टरी वाली बात से उन्हें बहुत निराशा हुई।’’ उन्होंने याद करते हुए कहा कि ‘व्हाइट हाउस’ ने वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट तक से चीजकेक फैक्टरी के सामने संवाददाता सम्मेलन करने को कहा था। भीड़ ने जब उनके समर्थन में नारेबाजी शुरू की तो ओबामा ने समर्थकों से अपना गुस्सा वोट में बदलने और तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव में बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की।


पूर्व राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘वे आपकी नारेबाजी को नहीं सुन सकते, लेकिन आपका वोट सुन सकते हैं।’’ उन्होंने महंगाई से जुड़े मुद्दे उठाए और ट्रंप पर राष्ट्रपति पद का इस्तेमाल करके मुनाफा कमाने का आरोप लगाया। ओबामा ने कहा, ‘‘हमने कभी ऐसा राष्ट्रपति नहीं देखा जो अनुचित लाभ देने के लिए इतना उतावला हो।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस शख्स ने पद पर रहते हुए अरबों डॉलर कमाए हैं। समझिए कि आज के समय में ऐसा पहले नहीं हुआ है।’’ उन्होंने ट्रंप पर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर कभी ध्यान नहीं देने का आरोप भी लगाया। ओबामा अमेरिकी सीनेटर जॉन ओसॉफ, अटलांटा की पूर्व मेयर और गवर्नर पद की उम्मीदवार कीशा लांस बॉटम्स तथा चुनाव लड़ रहे अन्य डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे थे। ओबामा ने कहा, ‘‘जब आपने मेरी तरह कई चुनावों में प्रचार किया हो, तो आप समझ सकते हैं कि कोई चुनाव थोड़ा अलग कब होता है। ऐसा चुनाव, जिसमें लोग कुछ नया पाने के लिए, कुछ बेहतर पाने के लिए इतने उत्सुक हों और लगातार परेशानियों से इतने तंग आ चुके हों कि आप जहां भी जाएं, वहां बदलाव की हवा चलती महसूस हो।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जॉर्जिया, इस समय मुझे यही महसूस हो रहा है। छह दिन में आपके पास ऐसा करने का मौका है।’’

कोई टिप्पणी नहीं: