- अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में होगा आयोजन, औषधीय एवं पौष्टिक सामग्री से तैयार होंगे पकवान, प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु ग्रहण कर रहे भोजन प्रसादी
गोपाष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में भगवान गिरिराज गोवर्धन की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों के साथ 108 भोग अर्पित किए जाएंगे। इस बार अन्नकूट महोत्सव की विशेषता यह रहेगी कि प्रसादी में स्वाद के साथ स्वास्थ्य और पोषण का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। इम्युनिटी बढ़ाने वाली औषधीय एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री से विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार किए जाएंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने प्रवचनों में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और गोसेवा के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा है कि सनातन संस्कृति में गौमाता की सेवा और संरक्षण को विशेष स्थान दिया गया है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रकृति, गोवंश और समस्त जीवों के प्रति प्रेम, करुणा और सेवा का संदेश देता है। गोवर्धन पूजा हमें यह भी सिखाती है कि अन्न, जल, प्रकृति और पर्यावरण हमारे जीवन के आधार हैं, इसलिए इनके प्रति सदैव कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म और भक्ति के साथ सेवा कार्यों से जुड़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि भगवान की सच्ची आराधना जीवों की सेवा और जरूरतमंदों की सहायता में भी निहित है।
इधर, कुबेरेश्वरधाम पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं के लिए विठलेश सेवा समिति की ओर से भोजन प्रसादी की व्यवस्था निरंतर संचालित की जा रही है। गुरुवार को भी हजारों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। समिति के पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य सदस्य आयोजन एवं भंडारे की व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण, गौमाता और गोवंश के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता प्रकट करने का विशेष पर्व है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने गौचारण की शुरुआत की थी। वहीं गोवर्धन पूजा के माध्यम से प्रकृति, अन्न, जल और जीव-जंतुओं के संरक्षण का संदेश दिया जाता है। इस दिन गौपूजन, गोवर्धन पूजन और भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग अर्पित करने की परंपरा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें