दिल्ली : महाराष्ट्र की बिजली परियोजना की लागत 99 फीसदी घटाए जाने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

दिल्ली : महाराष्ट्र की बिजली परियोजना की लागत 99 फीसदी घटाए जाने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

Congress-raise-question-on-maharashtra-electricity
नई दिल्ली। कांग्रेस ने महाराष्ट्र में 1,500 मेगावाट क्षमता वाली पनबिजली परियोजना की लागत 5,675 करोड़ रुपये से घटाकर 56.75 करोड़ रुपये किए जाने संबंधी खबर का हवाला देते हुए शुक्रवार को इसे ‘‘बहुत बड़ा घोटाला’’ करार दिया और अदाणी समूह के कामकाज की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने की मांग भी की। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पिछले वर्ष 5,675 करोड़ रुपये की लागत से मंजूर की गई इस परियोजना की लागत अब एक हलफनामे में 56.75 करोड़ रुपये बताई गई है। उन्होंने लागत में इस बदलाव को 99 प्रतिशत की कमी बताया। कांग्रेस महासचिव ने अदाणी समूह पर निशाना साधते हुए उसे ‘मोदानी समूह’ कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक के दौरान इस समूह का असाधारण विस्तार कई कथित घोटालों से जुड़ा रहा है। रमेश ने कहा कि कांग्रेस मार्च 2023 से ही समूह के विस्तार, विभिन्न कंपनियों के अधिग्रहण और सार्वजनिक संपत्तियों से जुड़े मामलों की व्यापक जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति गठित करने की मांग कर रही है। उन्होंने एक प्रमुख अंग्रेजी दैनिक में प्रकाशित खबर का हवाला देते हुए कहा कि महाराष्ट्र की बिजली परियोजना की लागत कथित तौर पर 99 प्रतिशत घटाया जाना अविश्वसनीय है। रमेश ने इसे बड़े घोटाले का एक और उदाहरण बताते हुए कहा कि यह अदाणी समूह के कामकाज की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति गठित करने की कांग्रेस की मांग को और मजबूत करता है। इस संबंध में अदाणी समूह की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

कोई टिप्पणी नहीं: