चीन का ‘पूर्ण एकीकरण’ जरूर होगा, ताइवान की स्वतंत्रता के लिए कोई गुंजाइश नहीं : शी चिनफिंग - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

चीन का ‘पूर्ण एकीकरण’ जरूर होगा, ताइवान की स्वतंत्रता के लिए कोई गुंजाइश नहीं : शी चिनफिंग

XI-jinping-unite-china
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने ताइवान को चीन के नियंत्रण में लाने का संकल्प दोहराते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि ‘मातृभूमि का पूर्ण एकीकरण’ चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) का एक ‘‘अटल ऐतिहासिक मिशन’’ है और इसे निश्चित रूप से हासिल किया जाएगा। सीपीसी की केंद्रीय समिति के महासचिव और केंद्रीय सैन्य आयोग के अध्यक्ष शी ने ये टिप्पणियां चीन के राष्ट्रवादी नेताओं में से एक सन यात-सेन की 160वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में कीं। ताइवान जलडमरूमध्य के दोनों ओर सन यात-सेन को सम्मान दिया जाता है। उन्होंने ताइवान की वास्तविकताओं को ध्यान में रखने का वादा किया, लेकिन अलगाववाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया।


सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने शी के हवाले से कहा, ‘‘ताइवान मुद्दे का समाधान करना और मातृभूमि का पूर्ण एकीकरण करना सीपीसी का एक अटल ऐतिहासिक मिशन, सभी चीनी लोगों की साझा आकांक्षा और चीनी राष्ट्र के महान पुनरुत्थान के लिए स्वाभाविक आवश्यकता है।’’ चीन ताइवान को अपना अलग हुआ प्रांत मानता है, जिसका मुख्य भूभाग के साथ पुनः एकीकरण किया जाना चाहिए, जरूरत पड़ने पर बल प्रयोग के जरिए भी। शी ने कहा कि ताइवान जलडमरूमध्य के दोनों ओर के लोगों और देश-विदेश में रहने वाले सभी चीनियों को ‘‘ताइवान की आजादी’’ की वकालत करने वाली अलगाववादी ताकतों का विरोध करने के लिए हाथ मिलाना चाहिए तथा जलडमरूमध्य के आर-पार संबंधों के शांतिपूर्ण विकास और मातृभूमि के पूर्ण एकीकरण के लिए मिलकर काम करना चाहिए। शी ने कहा, ‘‘एक-चीन सिद्धांत और 1992 की सहमति का पालन करते हुए हम ताइवान के सभी क्षेत्रों के दूरदर्शी लोगों के साथ जलडमरूमध्य के दोनों ओर के संबंधों और राष्ट्रीय एकीकरण से जुड़े मुद्दों पर संवाद और विचार-विमर्श करने के लिए तैयार हैं।’’ शी ने कहा, ‘‘हम निश्चित रूप से ताइवान की वास्तविक परिस्थितियों पर पूरा ध्यान देंगे और ताइवान में रहने वाले अपने हमवतन लोगों के हितों और भावनाओं का पूरा ख्याल रखेंगे। लेकिन हम किसी भी रूप में ‘ताइवान की आजादी’ से जुड़ी अलगाववादी गतिविधियों के लिए कोई गुंजाइश नहीं छोड़ेंगे।’’

कोई टिप्पणी नहीं: