दिल्ली : ‘एक शाम किन्नरों के नाम’ में किन्नर समुदाय के जीवन, संघर्ष और संवेदनाओं का मार्मिक चित्रण - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

दिल्ली : ‘एक शाम किन्नरों के नाम’ में किन्नर समुदाय के जीवन, संघर्ष और संवेदनाओं का मार्मिक चित्रण

  • सहानुभूति नहीं, समानता और गरिमा के हकदार हैं किन्नर समुदाय – वक्ता
  • पीयूष पाण्डेय की स्मृति में पुरुषोत्तम अग्रवाल और पंडित साजन मिश्रा को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान
  • रमा पांडेय के नाटक ‘लल्लन मिस’ ने मंच पर साकार किए किन्नर समुदाय के जीवन, संघर्ष और संवेदनाओं के विविध रंग।

Ek-sham-kinbarin-ke-naam
नई दिल्ली (संवाददाता): दिल्ली के सांस्कृतिक केंद्र मंडी हाउस स्थित श्री राम सेंटर सभागार में ‘एक शाम किन्नरों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साहित्य, कला और रंगमंच के माध्यम से किन्नर समुदाय की पहचान, जीवन-अनुभवों, संघर्षों और संवेदनाओं को अभिव्यक्ति देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्यिक चर्चा, कला प्रदर्शनी और नाटक का मंचन किया गया। यह कार्यक्रम रमा थिएटर नाट्य विद्या संस्था (रतनाव) द्वारा आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के अंतर्गत ‘साहित्य की नज़र में किन्नर’ विषय पर एक महत्वपूर्ण साहित्यिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा में डॉ. लक्ष्मी शंकर बाजपेयी, श्री कांता राय, डॉ. ओम निश्चल, सविता नागर, मिस दीपिका एवं डॉ. ममता किरण ने सहभागिता की। वक्ताओं ने साहित्य में किन्नर समुदाय के चित्रण, उनकी सामाजिक पहचान, संघर्षों, चुनौतियों और संवेदनाओं पर विस्तार से अपने विचार रखे। वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि साहित्य में किन्नर विमर्श को और अधिक प्रमुखता मिलनी चाहिए, ताकि इस समुदाय के जीवन, अनुभवों और संघर्षों को व्यापक सामाजिक स्वीकार्यता मिल सके। रामायण से लेकर महाभारत तक के प्रसंगों और उदाहरणों का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने भारतीय परंपरा और समाज में किन्नर समुदाय की उपस्थिति, भूमिका तथा उनके प्रति दृष्टिकोण को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि किन्नर समुदाय को केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि समानता, सम्मान और गरिमा के साथ देखने की आवश्यकता है। परिचर्चा ने साहित्य के माध्यम से इस समुदाय की आवाज़ और अस्मिता को समझने का सार्थक प्रयास किया।


Ek-sham-kinbarin-ke-naam
इस अवसर पर ‘अस्तित्व’ शीर्षक से एक कला प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें कलाकार कशिश की समकालीन कलाकृतियों के माध्यम से किन्नर समुदाय की पहचान, भावनाओं, आत्मसम्मान, स्वीकार्यता और आत्म-अभिव्यक्ति के विभिन्न पहलुओं को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रमा पांडेय द्वारा लिखित, निर्मित एवं निर्देशित नाटक ‘लल्लन मिस’ का मंचन रहा। नाटक ने किन्नर समुदाय के जीवन, उनके व्यक्तिगत अनुभवों, सामाजिक चुनौतियों, संघर्षों और भावनात्मक पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से मंच पर जीवंत किया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को किन्नर समुदाय के जीवन को करीब से समझने और उनके प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर प्रदान किया। इस वर्ष साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्री पुरुषोत्तम अग्रवाल तथा संगीत के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पदमभूषण  पंडित साजन मिश्रा को रतनाव द्वारा पीयूष पाण्डेय की स्मृति में लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया गया। दिल्ली के प्रमुख कॉलेजों से आई छात्राओं ने कहानियों और कविताओं के माध्यम से किन्नर समुदाय के प्रति नई पीढ़ी के विचारों और दृष्टिकोण को अभिव्यक्त किया। उनकी प्रस्तुतियों में इस समुदाय के प्रति समाज की सोच बदलने, पूर्वाग्रहों को दूर करने और समानता व सम्मान का भाव विकसित करने का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया। 


Ek-sham-kinbarin-ke-naam
इस अवसर पर रमा पांडेय ने कहा, “किन्नर समुदाय भी हमारे समाज का उतना ही महत्वपूर्ण हिस्सा है, जितना कोई अन्य वर्ग। उनके जीवन में भी अनेक कहानियां, सपने, संघर्ष और संवेदनाएं हैं, जिन्हें समझने और समाज के सामने लाने की जरूरत है। ‘एक शाम किन्नरों के नाम’ के माध्यम से हमारा प्रयास है कि साहित्य, कला और रंगमंच के जरिए उन्हें अपनी बात कहने और अपनी पहचान को अभिव्यक्त करने का एक सशक्त मंच मिले। हम चाहते हैं कि उनकी जिंदगी और अनुभवों को समाज केवल देखे ही नहीं, बल्कि समझे और उनसे जुड़े मानवीय पहलुओं को महसूस भी करे। मेरा मानना है कि कला और रंगमंच समाज में सकारात्मक बदलाव लाने तथा लोगों की सोच और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने की ताकत रखते हैं।” रमा थिएटर नाट्य विद्या संस्था (रतनाव) भारत की पारंपरिक वाचिक कला और मौखिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित संस्था है। संस्था का उद्देश्य केवल इन कलाओं को संरक्षित करना ही नहीं, बल्कि उनसे जुड़े कलाकारों को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी कला को रंगमंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाना भी है। रतनाव पारंपरिक कलाकारों और उनकी कला को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। मीडिया जगत की जानी-मानी हस्ती और रतनाव की संस्थापक रमा पांडेय इस पहल की परिकल्पना से जुड़ी हैं। वह नाटक ‘लल्लन मिस’ की कथाकार, लेखिका, निर्माता एवं निर्देशक भी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: