- दीपावली पर रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट देखने उमड़ रहे श्रद्धालु, अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक प्रदीप मिश्रा ने दिया ज्ञान और सदाचार का प्रकाश फैलाने का संदेश
दीपावली बाहरी ही नहीं, मन के अंधकार को मिटाने का भी पर्व : पंडित प्रदीप मिश्रा
अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने दीपावली के अवसर पर अपने संदेश में कहा कि दीपावली केवल बाहरी रोशनी और दीपों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह जीवन से अज्ञान, स्वार्थ और अंधकार को मिटाकर ज्ञान, सदाचार और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का महान पर्व है। दीपावली हमें अपने भीतर के अंधकार को दूर कर जीवन में अच्छे विचारों, सेवा और सद्भाव को अपनाने की प्रेरणा देती है। इस पर्व का वास्तविक आनंद तभी है, जब हम अपने जीवन में सकारात्मकता लाएं और दूसरों के जीवन में भी खुशियों का प्रकाश फैलाएं।
पारंपरिक दीपों से सजेगा मंदिर परिसर
मिट्टी की कला और पारंपरिक दीपों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में हजारों श्रद्धालु कुबेरेश्वरधाम पहुंचकर दीप प्रज्ज्वलित करते हैं। इस वर्ष भी दीपोत्सव को विशेष बनाने के लिए तैयारियां की गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी विद्युत सजावट से सजाया गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। कार्तिक मास के चलते कुबेरेश्वरधाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला और अन्य सदस्यों के सहयोग से श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी वितरित की जा रही है। दीपावली के साथ रूप चौदस, गोवर्धन पूजा और भाई-दूज के अवसर पर भी धाम में विशेष पूजा-पाठ एवं धार्मिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। आज होने वाले बाबा कुबेर भंडारी के अभिषेक, पूजन और खजाना पूजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें