सीहोर : श्यामपुर सड़क की मृत्यु पर दी श्रद्धांजलि - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 15 नवंबर 2026

सीहोर : श्यामपुर सड़क की मृत्यु पर दी श्रद्धांजलि

  • ये स्वाभाविक मृत्यु नहीं बल्कि एमपीआरडीसी द्वारा की गई हत्या है : पंकज शर्मा

Sehore-roads
सीहोर। रविवार को सीहोर में एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें कांग्रेसजनों ने एक सड़क की मृत्यु पर उसे श्रद्धांजलि अर्पित की। रविवार की शाम को जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजन सीहोर श्यामपुर मार्ग पर पहुंचे और इस असमय मृत्यु की शिकार हो चुकी सड़क पर फूल माला चढ़ाकर, पुष्प अर्पित कर और अगरबत्ती लगाकर इसे अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि सीहोर श्यामपुर सड़क जब बनाई गई थी, तब इसकी एफडीआर तकनीक को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन ये सड़क बनने के एक माह बाद ही जर्जर हो गई थी और इसमें जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। पंकज शर्मा ने आगे बताया कि अब ये सड़क पूरी तरह जर्जर होकर संपूर्ण रूप से नष्ट हो चुकी है और आज हम सभी ने इसे पूरी तरह मृत घोषित कर दिया है, जिसके कारण हम सभी कांग्रेस कार्यकर्ता आज इस सड़क को अपने श्रद्धासुमन अर्पित करने आए हैं और हमने दो मिनट का मौन रखकर इसे श्रद्धांजलि देते हुए ईश्वर से इस सड़क की आत्मा को शांति प्रदान करने तथा इसकी असमय मृत्यु के दोषियों को सजा देने की मांग की है। पंकज शर्मा ने कहा कि इस सड़क की मौत कोई स्वाभाविक मृत्यु नहीं है बल्कि एमपीआरडीसी के जिम्मेदारों द्वारा सोच समझकर साजिशन की गई हत्या है और इस सड़क को अपने लालच तथा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाकर मौत के घाट उतारने के दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए क्योंकि उनके इस लालच की भेंट कई लोग चढ़ गए हैं और कई जिंदगियां काल के गाल में समा गई हैं। अभी चार दिन पूर्व ही इस सड़क पर बने एक विशालकत गड्ढे में बाइक का पहिया आ जाने से हुई दुर्घटना का शिकार होकर एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई थी। पंकज शर्मा ने बताया कि ये तो सिर्फ एक मामला है, ना जाने कितने लोग और कई परिवार इस सड़क का शिकार होकर अपनी जान और माल से हाथ धो चुके हैं तथा कई लोग स्थाई विकलांगता का शिकार होकर दूसरों के सहारे जिंदगी जीने के लिए विवश हैं और उनकी पूरा जीवन बर्बाद हो चुका है।


जितने गढ्डे चांद पर नहीं उससे ज्यादा इस सड़क पर

इस दौरान पंकज शर्मा ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि सीहोर श्यामपुर सड़क पर इतने अधिक गड्ढे हो चुके हैं कि इसके बराबर गढ्डे तो चांद पर भी नहीं होंगे और इन गड्ढों में गिरकर लोग सीधे बिना किसी अंतरिक्ष यान तथा बिना खर्चे के स्थाई रूप से सीधे चाँद पर पहुंच रहे हैं, जहां से वापसी का कोई रास्ता नहीं बचता है।


दोषियों पर कार्रवाई नहीं तो आंदोलन होगा तेज

पंकज शर्मा ने अंत में कहा कि इस सड़क की हत्या के दोषियों पर तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी अपने आंदोलन को और तेज करेगी तथा इस भ्रष्टाचार के जिम्मेदारों को सजा दिलाकर ही दम लेगी। जब तक दोषियों को सजा नहीं हो जाती, तब तक कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी क्योंकि जब दोषियों को दंड मिलेगा, तभी इस सड़क की वजह से अपनी जान गंवाने वालों की आत्मा को शांति मिलेगी तथा उनके परिजनों को भी न्याय मिल सकेगा। विरोध प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व पार्षद प्रतिनिधि सतीश दरोठिया, कांग्रेस नेता आसिफ अंसारी, राजेश रैकवाल, विवेक टांक, आर्यन भैरवे आदि कांग्रेसजन शामिल रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: