- छोटी दीपावली पर संत माधवदास महाराज के मार्गदर्शन में हुई कुमकुम अर्चना, रात्रि में होगी विशेष पूजन-अर्चना
श्री यंत्र की उपासना से मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है : संत माधवदास महाराज
मंदिर के अधिकारी पुजारी संत माधवदास महाराज ने बताया कि श्री यंत्र को मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने का अत्यंत प्रभावशाली धार्मिक प्रतीक माना गया है। मान्यता है कि श्री यंत्र की विधि-विधान से स्थापना और नियमित पूजा-अर्चना करने से साधक को धन-समृद्धि और सुख-शांति का आशीर्वाद प्राप्त होता है। श्री यंत्र पर कुमकुम अर्चना माता त्रिपुरसुंदरी और मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने के लिए किया जाने वाला शुभ अनुष्ठान है। पांच दिवसीय महोत्सव में श्रद्धालु विशेष पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
रूप चौदस पर दीपदान का है विशेष महत्व
संत माधवदास महाराज ने बताया कि दीपावली से एक दिन पहले रूप चौदस का पर्व मनाया जाता है, जिसे नरक चतुर्दशी, छोटी दीपावली और काली चतुर्दशी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन पूजा-अर्चना और दीपदान करने से जीवन की परेशानियों और पापों से मुक्ति मिलती है। इस दिन घर के विभिन्न हिस्सों में यमराज के निमित्त दीपक जलाने और दीपदान करने की परंपरा है। मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास की चतुर्दशी तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण ने अत्याचारी असुर नरकासुर का वध कर उसके बंदीगृह में कैद 16 हजार 100 कन्याओं को मुक्त कराया था। इसी प्रसन्नता में लोगों ने दीपों की श्रृंखला सजाई थी। तभी से छोटी दीपावली पर दीप प्रज्ज्वलित करने की परंपरा चली आ रही है। मंदिर में आयोजित श्री यंत्र महोत्सव के दौरान भी दीपावली के पर्व को लेकर विशेष उत्साह और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना हुआ है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें