बेंगलुरु, 11 नवंबर । ''फर्जी खबरें और भ्रामक जानकारी फैलाने'' तथा ''सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने'' के आरोप में कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। तेजस ए. गौड़ा नामक व्यक्ति ने मंगलवार को बनशंकरी थाने में यह शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में खरगे पर सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से हाल में बिहार और हरियाणा में भारी मात्रा में कारतूस जब्ती के मामले को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जोड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। अपनी लिखित शिकायत में गौड़ा ने आरोप लगाया कि खरगे ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बिहार और हरियाणा में करीब 44,250 कारतूस की बरामदगी को आरएसएस से जोड़ने का प्रयास किया। गौड़ा ने आरोप लगाया, ''अपने बयानों और संकेतों के जरिए उन्होंने यह जताने की कोशिश की है कि आरएसएस का संबंध इस कथित आपराधिक गतिविधि से है।'' हालांकि, शिकायतकर्ता ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह स्वयं आरएसएस से जुड़ा हुआ है या नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री ने यह जानते हुए भी जानबूझकर भ्रामक जानकारी प्रसारित की कि उसके तथ्य गलत हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, यह कृत्य आपराधिक जांच के दायरे में आता है, क्योंकि इस तरह की झूठी खबरें फैलाने से राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। शिकायत में कहा गया है, ''यह बेहद गंभीर चिंता का विषय है कि एक जिम्मेदार पद पर बैठा व्यक्ति जिस पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक शांति की रक्षा करने की जिम्मेदारी है, वही किसी संगठन के खिलाफ झूठी जानकारी फैला रहा है।'' शिकायतकर्ता ने पुलिस से भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना), 196 (विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य बढ़ाना) और 353 (सार्वजनिक उपद्रव भड़काने वाले बयान देना) के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का आग्रह किया है। शिकायतकर्ता ने जांच अधिकारियों से राजनीतिक हस्तक्षेप के बिना निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच करने का भी आग्रह किया। उन्होंने जांच अधिकारियों से सोशल मीडिया पोस्ट के इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने, बिहार और हरियाणा पुलिस के साथ समन्वय कर संबंधित मामलों का ब्योरा जुटाने तथा यह पता लगाने का भी अनुरोध किया है कि क्या भ्रामक जानकारी जानबूझकर प्रसारित की गई थी। पुलिस ने बताया कि उसे शिकायत मिल गई है, लेकिन इस मामले में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
बुधवार, 11 नवंबर 2026
बेंगलुरु : भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में प्रियंक खरगे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज
Tags
# देश
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
देश
Labels:
देश
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें