दिल्ली : ममता का बदला-बदला अंदाज, कहा: ‘मेरी नेता सोनिया जी को मेरा नमस्ते’ - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 1 नवंबर 2026

दिल्ली : ममता का बदला-बदला अंदाज, कहा: ‘मेरी नेता सोनिया जी को मेरा नमस्ते’

mamta-banerjee-ramleeka-maidan
नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी का रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में उस समय अलग राजनीतिक अंदाज देखने को मिला, जब उन्होंने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में अपने भाषण की शुरुआत ‘मेरी नेता सोनिया जी को मेरा नमस्ते’ कहकर की और लंबे समय तक चिर प्रतिद्वंद्वी रही मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी के नाम का उल्लेख किया। उनका यह संबोधन विपक्षी गठबंधन के भीतर बदलते राजनीतिक समीकरणों और कांग्रेस नेतृत्व के प्रति उनके रुख में बदलाव का संकेत है। मंच पर ममता बनर्जी सोनिया गांधी के बगल में बैठी थीं और कई बार उनसे बात करती नजर आईं। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा, ‘‘मेरी नेता सोनिया जी को मेरा नमस्ते।’’ इसके बाद ममता ने जब राहुल गांधी के नाम का उल्लेख किया, तो उन्हें ‘‘लड़ाई लड़ रहे युवा नेता’’ बताया। इसके बाद, ममता ने मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव के साथ माकपा महासचिव एम ए बेबी का नाम भी लिया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद ममता का कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व के प्रति पहले से अधिक उदार नजर आना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। 


सोनिया और बेबी को लेकर उनका यह संबोधन इस बात का संकेत देता है कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में वह विपक्षी एकजुटता को प्राथमिकता देना चाहती हैं। ममता और कांग्रेस के संबंध हमेशा सहज नहीं रहे हैं। पश्चिम बंगाल में दोनों दलों के बीच राजनीतिक प्रतिस्पर्धा रही है। तृणमूल कांग्रेस ने राज्य में कांग्रेस के पारंपरिक राजनीतिक आधार को अपना बनाया और कई मौकों पर दोनों दलों के बीच तीखी बयानबाजी भी देखने को मिली। राष्ट्रीय स्तर पर भी विपक्षी गठबंधन में नेतृत्व और रणनीति को लेकर अलग-अलग विचार सामने आते रहे हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद दोनों दलों में काफी निकटता दिखाई दे रही है।  चुनाव नतीजों पर ममता के सवाल उठाने के बाद राहुल गांधी ने उनका खुलकर का समर्थन किया था और ‘चुनाव चोरी’ किए जाने का दावा किया था। बाद में ममता ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात भी की थी।

कोई टिप्पणी नहीं: