युवा संसद के प्रथम एवं द्वितीय दिन छात्र हितिश दुबे और अभिषेक इंदौरिया ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार पूरी स्पष्टता और प्रखरता के साथ प्रस्तुत किए। उनके उत्कृष्ट वक्तव्य और तार्किक प्रस्तुतीकरण की वहां उपस्थित अतिथियों द्वारा विशेष सराहना की गई। इस तीन दिवसीय भव्य आयोजन में मध्य प्रदेश विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर, मंदसौर के सांसद श्री सुधीर गुप्ता तथा अंतिम दिन प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह परमार आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। समापन के अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री श्री परमार से तीनों छात्रों—हितिश, अभिषेक और लकी—की व्यक्तिगत चर्चा हुई। मंत्री महोदय ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए उनके बोलने की शैली और आत्मविश्वास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ इस प्रवास के दौरान विद्यार्थियों को सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों से भी अवगत कराया गया, जिसके तहत 1 नवंबर को छात्रों ने भगवान पशुपतिनाथ मंदिर और अगले दिन धर्मराजेश्वर के दर्शन किए।
सीहोर, 15 नवंबर । पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीहोर के छात्रों ने 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक मंदसौर में आयोजित 32वीं राष्ट्रीय युवा संसद में अपनी उत्कृष्ट सहभागिता दर्ज की। महाविद्यालय के दल का नेतृत्व मार्गदर्शक शिक्षक डॉ. सिद्धनाथ खजुरिया ने किया, जिसमें छात्र हितिश दुबे, अभिषेक इंदौरिया और लकी मेवाड़ा शामिल रहे। गौरतलब है कि छात्र हितिश दुबे ने पूर्व में राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में आयोजित आईएपीपीडी (IAPPD) वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी पूरे देश में तृतीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और शहर का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें