ब्रिटेन : 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने पर बेलफास्ट में विशेष संगीत कार्यक्रम - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 11 नवंबर 2026

ब्रिटेन : 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने पर बेलफास्ट में विशेष संगीत कार्यक्रम

vande-matram-150-years-london
लंदन, 11 नवंबर । 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तरी आयरलैंड के बेलफास्ट स्थित भारतीय वाणिज्य महादूतावास में ब्रिटेन के विभिन्न हिस्सों के 60 से अधिक संगीतकारों ने एक विशेष संगीत कार्यक्रम पेश किया। बेलफास्ट स्थित टोकाटा म्यूजिकल्स प्रोडक्शंस के सहयोग से तैयार राष्ट्रगीत की यह संगीत प्रस्तुति पिछले सप्ताह ऑनलाइन जारी की गई। भारतीय वाणिज्य महादूतावास ने बताया कि इसमें शामिल संगीतकारों का भारत, उसकी संस्कृति, परंपराओं, आध्यात्मिकता और संगीत विरासत से व्यक्तिगत जुड़ाव है। ब्रिटेन के बेलफास्ट स्थित भारतीय वाणिज्य महादूतावास देश के नए वाणिज्य दूतावासों में से एक है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पिछले साल मार्च में इसका उद्घाटन किया था। बेलफास्ट में भारत की महावाणिज्यदूत किरण खत्री ने कहा, ''बेलफास्ट में भारत के पहले महावाणिज्य दूतावास की स्थापना भारत और उत्तरी आयरलैंड के संबंधों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह उत्तरी आयरलैंड के साथ अपने जुड़ाव को गहरा करने और संस्कृति, शिक्षा, व्यापार तथा लोगों के बीच संपर्क के माध्यम से मजबूत संबंध बनाने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।'' इस परियोजना में संगीतकारों ने 'वंदे मातरम्' के सम्मान में स्वेच्छा से अपना समय दिया। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने अपने उपन्यास 'आनंदमठ' में इस गीत को लिखा था और इसकी रचना सात नवंबर, 1875 को की गई थी। यह गीत आगे चलकर भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नारों में शामिल हो गया और ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के खिलाफ संघर्ष में स्वतंत्रता सेनानियों को इसने प्रेरित किया। गीत के शुरुआती दो अंतरे स्वतंत्रता सेनानियों की बैठकों और सभाओं में नियमित रूप से गाए जाते थे। धीरे-धीरे 'वंदे मातरम्' भारत की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता की आकांक्षा की सशक्त अभिव्यक्ति बन गया। बाद में इसे भारत के राष्ट्रगीत के रूप में मान्यता दी गई। बेलफास्ट स्थित भारतीय वाणिज्य महादूतावास ने कहा कि यह संगीत श्रद्धांजलि उत्तरी आयरलैंड और भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के बीच ऐतिहासिक संबंध को भी सामने लाती है। यह संबंध सिस्टर निवेदिता के जीवन और कार्यों से जुड़ा है। अक्टूबर 1867 में काउंटी टाइरोन के डुंगानन में मार्गरेट एलिजाबेथ नोबल के रूप में जन्मीं सिस्टर निवेदिता भारत के राष्ट्रीय जागरण की प्रमुख समर्थक बनीं। वह भारत के बौद्धिक और राष्ट्रवादी आंदोलनों के कई प्रमुख व्यक्तित्वों की करीबी सहयोगी भी थीं। उनके कार्यों और भारत को लेकर उनकी परिकल्पना में 'वंदे मातरम्' विशेष स्थान रखता था। उन्होंने भारत में अपने विद्यालय की प्रार्थना के रूप में भी इस गीत को अपनाया था।

कोई टिप्पणी नहीं: