राजोल सिंह प्लाटून कमांडेंट के पद पर पदोन्नत, कृषि मंत्री श्री बिसेन ने दी बधाई
म.प्र. शासन के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन की सुरक्षा में तैनात सहायक प्लाटून कमांडेंट श्री राजोल सिंह राजपूत की प्लाटून कमांडेंट के पद पर पदोन्नती होने पर कृषि मंत्री श्री बिसेन ने उन्हें बधाई दी है। आज 16 मई 2015 को सर्किट हाउस बालाघाट में सादे समारोह में कृषि मंत्री श्री बिसेन ने राजोल सिंह को बैच लगाया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री राजकुमार रायजादा, श्री संजय अग्निहोत्री एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
कृषि मंत्री ने सांवगी एवं रमरमा में गोदाम का किया लोकार्पण, किसान खाद का अग्रिम उठाव करें---कृषि मंत्री श्री बिसेन
प्रदेश सरकार किसानों के लिए उर्वरक की कमी नहीं होने देगी। खरीफ फसलों के लिए उर्वरक का अग्रिम भंडारण कर लिया गया है। किसान अपनी सोसायटी से उर्वरक का अग्रिम उठाव कर सकते है। किसानों को कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी देने एवं शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उन्हें इस वर्ष भी प्रदेश में कृषि महोत्सव मनाया जायेगा। यह बातें म.प्र. शासन के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने आज 16 मई 2015 को सांवगी एवं रमरमा में 8-8 लाख रु. की लागत से निर्मित दो-दो सौ मिट्रीक टन क्षमता के गोदामों के लोकार्पण कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कही। एकीकृत सहकारी विकास परियोजना के अंतर्गत निर्मित इन गोदामों के लोकार्पण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन, जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री राजकुमार रायजादा, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा निरंजन बिसेन, श्री निरंजन बिसेन, ग्राम पंचायत सांवगी एवं रमरमा के सरपंच, सहकारी समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री श्री बिसेन इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नई केन्द्र सरकार द्वारा देश के विकास के लिए त्वरित निर्णय लिये जा रहे है। प्रधानमंत्री जन-धन योजना के अंतर्गत रिकार्ड संख्या में कमजोर एवं गरीब लोगों के बैंक में खाते खोले गये है। केन्द्र सरकार द्वारा आम जनता के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना लागू कर मात्र 12 रु. एवं 333 रु. में एक वर्ष की बीमा सुरक्षा मुहैया कराई गई है। इसके अलावा गरीब व मजदूर वर्ग के लिए अटल पेंशन योजना लागू की गई है। इन योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग के लोगों को मिलेग। कृषि मंत्री श्री बिसेन ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में नई फसल बीमा योजना बनाने जा रही है। नई बनने वाली फसल बीमा योजना में कम उत्पादन होने पर भी किसान को बीमा राशि प्रदान की जायेगी। उन्होंने किसानों से कहा कि वे आने वाली खरीफ फसलों के उर्वरक का अग्रिम उठाव कर लें। खाद के अग्रिम उठाव पर कोई ब्याज नहीं लगेगा। किसानों को नवीनतम तकनीकी जानकारी देने एवं कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी देने के लिए गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 27 मई से कृषि महोत्सव मनाया जायेगा। इस महोत्सव के दौरान किसानों को बीज आदि भी उपलब्ध कराया जायेगा। कृषि मंत्री श्री बिसेन ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनायें बनाई है और प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकाल कर एक तेजी से विकसित होते राज्य में बदल दिया है। प्रदेश में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ समाज के हर वर्ग के लोगों को मिल रहा है।कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री राजकुमार रायजादा ने भी संबोधित किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें