दिल्ली : रोप स्किपिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की आम सभा में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी घोषित - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 14 फ़रवरी 2026

दिल्ली : रोप स्किपिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की आम सभा में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी घोषित

Rope-skeeing-delhi
नई दिल्ली (अशोक कुमार निर्भय)। राजधानी दिल्ली के होटल शिवदेव इंटरनेशनल में रोप स्किपिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (रजि.) की वार्षिक आम सभा, कार्यकारिणी बैठक एवं चुनाव प्रक्रिया का सफल आयोजन किया गया। देशभर से आए पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन के विस्तार, खेल के तकनीकी उन्नयन, खिलाड़ी विकास और महिला प्रतिनिधित्व को मजबूत करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत निर्धारित एजेंडे के अनुसार की गई। बीते वर्ष की गतिविधियों, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण शिविरों तथा संगठनात्मक पहलों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि रोप स्किपिंग को जमीनी स्तर से मजबूत करने के लिए स्कूलों, विश्वविद्यालयों और खेल अकादमियों के साथ समन्वय बढ़ाया जा रहा है। वित्तीय रिपोर्ट भी सदस्यों के समक्ष रखी गई, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। चुनाव प्रक्रिया के लिए एडवोकेट पंकज यादव को मुख्य रिटर्निंग अधिकारी तथा एडवोकेट आशुतोष पांडेय को सह रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया। उनकी देखरेख में नई कार्यकारिणी का निर्वाचन सर्वसम्मति से किया गया। नवगठित कार्यकारिणी में डॉ. रवि दत्त गौड़ को राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। उपाध्यक्ष पद पर श्री प्रवीण (राजस्थान), श्री नवीन टम्टा (यू.के.), श्री भूपेंद्र सिंह (उत्तर प्रदेश) राष्ट्रीय महासचिव पद की जिम्मेदारी श्री निर्देश शर्मा को सौंपी गई, जबकि श्री तरसेम शर्मा को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। संयुक्त सचिव के रूप में श्री एम. भारत (बिहार) को दायित्व दिया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में श्री गणेशगगन (पुदुचेरी), श्रीमती निधि यादव (उत्तर प्रदेश) तथा श्री एम. लक्ष्मी (आंध्र प्रदेश) को शामिल किया गया।


महिला समिति का गठन भी विशेष रूप से किया गया, जिसमें श्रीमती बलविंदर कौर को चेयरपर्सन तथा श्रीमती निधि यादव को वाइस चेयर नियुक्त किया गया। यह निर्णय खेल संगठनों में महिला भागीदारी को सशक्त और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सक्रिय भूमिका से संगठनात्मक निर्णयों में संतुलन और समावेशिता बढ़ेगी। तकनीकी बोर्ड के गठन के तहत राष्ट्रीय टेक्निकल बोर्ड के चेयरमैन शैलेश शुक्ला (एमपी) श्री हरीश को चीफ टेक्निकल डायरेक्टर, श्री नीरज को टेक्निकल डायरेक्टर तथा श्री अनुज को टेक्निकल डायरेक्टर नियुक्त किया गया। तकनीकी टीम का मुख्य उद्देश्य प्रतियोगिताओं के मानकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप बनाना, रेफरी और कोच प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सुदृढ़ करना तथा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाना होगा। बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का दायरा बढ़ाया जाएगा और युवा प्रतिभाओं की पहचान के लिए राज्यों के साथ समन्वित अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही खेल मंत्रालय और संबंधित खेल संस्थाओं से सहयोग बढ़ाने की रणनीति पर भी सहमति बनी, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन, प्रशिक्षण सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय अवसर मिल सकें। सर्वसम्मति से गठित नई कार्यकारिणी ने संगठन की एकजुटता, पारदर्शिता और दूरदर्शी नेतृत्व का परिचय दिया है। महिला प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देने, तकनीकी संरचना को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर खेल के विस्तार के संकल्प के साथ रोप स्किपिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि आने वाले समय में यह खेल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नई पहचान स्थापित करेगा।

कोई टिप्पणी नहीं: