मधुबनी : होली, रमजान एवं ईद को लेकर जिला प्रशासन सतर्क, शांति समिति की जिला स्तरीय बैठक - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 24 फ़रवरी 2026

मधुबनी : होली, रमजान एवं ईद को लेकर जिला प्रशासन सतर्क, शांति समिति की जिला स्तरीय बैठक

  • सामाजिक समरसता व सौहार्द का प्रतीक हैं पर्व, शांति बनाए रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी : जिलाधिकारी
  • विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

Shanti-samiti-madhubani
मधुबनी (रजनीश के झा), 24 फरवरी। आगामी होली, रमजान माह एवं ईद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि होली, रमजान और ईद जैसे पर्व सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता के प्रतीक हैं। इन पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग एवं तत्पर है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर तेजतर्रार दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी प्रखंडों के वरीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि वे स्वयं पुलिस अधीक्षक के साथ भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था की सतत निगरानी करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा अफवाह फैलाने वाली झूठी एवं भ्रामक सूचनाओं पर प्रशासन की पैनी निगरानी रहेगी। तेज गति से बाइक चलाने वाले बाइकर्स पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी देते हुए इसके दुष्प्रभावों को लेकर सामाजिक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने हेतु शांति समिति के सदस्यों से सहयोग की अपील की। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण सुझावों के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया।


बैठक में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने कहा कि होली एवं अन्य आगामी पर्वों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। सभी प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि धारा 107 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है तथा सीसीए-3 के अंतर्गत भी कुछ व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई है। डीजे पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। इसके पूर्व शांति समिति के सदस्यों ने बारी-बारी से अपने सुझाव रखे। सभी सदस्यों ने मधुबनी जिले की गंगा-जमुनी तहजीब की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी होली, रमजान एवं ईद पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएंगे। सदस्यों ने पर्वों के अवसर पर जिला प्रशासन की सजगता एवं तत्परता की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। उक्त बैठक में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार, एडीएम मुकेश रंजन सहित जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी एवं शांति समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: