दरभंगा : अभियंत्रण महाविद्यालय में मेगा रक्तदान शिविर का सफल आयोजन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 23 जुलाई 2026

दरभंगा : अभियंत्रण महाविद्यालय में मेगा रक्तदान शिविर का सफल आयोजन

Blood-donation-darbhanga
दरभंगा, 23 जुलाई (रजनीश के झा)। दरभंगा अभियंत्रण महाविद्यालय (डीसीई), दरभंगा के एनएसएस क्लब द्वारा लायंस क्लब ऑफ दरभंगा टाउन के सहयोग से महाविद्यालय परिसर में एक मेगा रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। संस्थान के ऑडिटोरियम में आयोजित इस शिविर में शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानवता की सेवा का संदेश दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंदन कुमार ने कहा, "रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी संवेदनशीलता और सेवा भावना का सर्वोच्च उदाहरण है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। दरभंगा अभियंत्रण महाविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूक करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। हमारे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का उत्कृष्ट परिचय दिया है, जो अत्यंत सराहनीय है।"


एनएसएस समन्वयक ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। पहली बार रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को उनकी प्रेरणादायक पहल के लिए मेडल प्रदान किया गया तथा सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सर्वाधिक रक्तदान करने वाले यांत्रिकी अभियंत्रण (Mechanical Engineering) विभाग को "बेस्ट ब्लड डोनर डिपार्टमेंट" पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विभाग के विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों की सक्रिय भागीदारी की सभी उपस्थितजनों ने सराहना की। इस रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में लायंस क्लब ऑफ दरभंगा टाउन के अध्यक्ष श्री अभिषेक चौधरी, श्री विशाल पंसारी, श्री अमरनाथ सिंह, शुक्ला मेडिकल के श्री मुकेश सिंह तथा दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) के चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों की टीम का विशेष सहयोग रहा। सभी ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त संग्रहण तथा आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का कुशलतापूर्वक संचालन किया। महाविद्यालय प्रशासन ने रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सहयोगी संस्थानों, चिकित्सकीय टीम, एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी समाजहित एवं जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: