- स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं को मिलेगा प्रशासनिक कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर
चयनित विद्यार्थियों को मिलेगा “शैडो ऑफिसर” बनने का अवसर
कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित छात्र-छात्राओं को जिला पदाधिकारी (DM), पुलिस अधीक्षक (SP), अनुमंडल पदाधिकारी (SDM), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ “शैडो ऑफिसर (Shadow Officer)” के रूप में कार्य करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान प्रतिभागी प्रशासन के दैनिक कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, जन शिकायतों के निष्पादन, निर्णय लेने की प्रक्रिया तथा प्रशासनिक चुनौतियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे।
नेतृत्व एवं जनसेवा की भावना विकसित करने की पहल
यह कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता, नवाचारपूर्ण सोच तथा जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन का एक महत्त्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रशासन एवं समाज के मध्य सेतु के रूप में तैयार करना तथा उन्हें सुशासन की अवधारणा से जोड़ना है।
कौन कर सकता है आवेदन
जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थी इस कार्यक्रम के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन हेतु तैयार गूगल फॉर्म जिला शिक्षा विभाग के माध्यम से सभी शिक्षण संस्थानों के साथ साझा किया जाएगा।
प्रश्नों के आधार पर होगा चयन
गूगल फॉर्म में विद्यार्थियों की विश्लेषणात्मक क्षमता, नेतृत्व कौशल, सामाजिक संवेदनशीलता एवं समस्या-समाधान दृष्टिकोण का आकलन करने हेतु प्रश्न शामिल किए गए हैं। प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन विशेषज्ञ समिति द्वारा किया जाएगा तथा उनके उत्तरों के आधार पर प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
आवेदन की अंतिम तिथि: 10 अगस्त*
चयन परिणाम की घोषणा: 13 अगस्त 2026
14 अगस्त को मिलेगा प्रशासन के साथ कार्य करने का अवसर
चयनित विद्यार्थियों को जिला प्रशासन के इस फ्लैगशिप कार्यक्रम का हिस्सा बनने का अवसर प्राप्त होगा। 14 अगस्त 2026 को प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को किसी वरिष्ठ प्रशासनिक अथवा पुलिस पदाधिकारी के साथ संबद्ध किया जाएगा, जहाँ वे पूरे दिन “शैडो ऑफिसर” के रूप में कार्य करते हुए प्रशासनिक प्रक्रियाओं, कार्यालयीन कार्यप्रणाली, जनसुनवाई, बैठकों एवं क्षेत्रीय निरीक्षणों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे। यह अनुभव उन्हें शासन-प्रशासन की वास्तविक कार्यशैली एवं जनकल्याण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को निकट से समझने का अवसर प्रदान करेगा। जिला प्रशासन, मधुबनी जिले के सभी पात्र छात्र-छात्राओं से अपील करता है कि वे इस अनूठी पहल का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन करें तथा अपने नेतृत्व कौशल, रचनात्मक सोच एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें