सीहोर : बरखेड़ा में श्रीगणेश उत्सव में होगा महाआरती भजन की प्रस्तुति - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 15 सितंबर 2026

सीहोर : बरखेड़ा में श्रीगणेश उत्सव में होगा महाआरती भजन की प्रस्तुति

Ganesh-utsav-sehore
सीहोर। वक्रतुण्ड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभ: के मंगल महामंत्रों के साथ, सनातन संस्कृति की परंपरा का निर्वाहन करते हुए ग्राम बरखेड़ा में श्रीगणेश जन्मोत्सव इस वर्ष अत्यंत भव्य, भक्तिमय और अलौकिक रूप से आयोजित किया जा रहा है। श्रीगणेश युवा उत्सव समिति के अध्यक्ष पंडित सुनील शर्मा ने बताया कि भगवान श्रीगणेश जन्मोत्सव के इस परम पावन महापर्व पर संपूर्ण बरखेड़ा धाम को आध्यात्मिक चेतना और भक्ति पर्व को धूमधाम से मनाने के लिए ग्राम वासियों द्वारा व्यापक तैयारियां की गई है। आयोजन में उपाध्यक्ष गोलू विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष अमन पाटीदार, सचिव सुजल पाटीदार, मनोज पाटीदार तथा समस्त ग्रामवासियों का निस्वार्थ समर्पण व अटूट श्रद्धा सम्मिलित है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी यह जन्मोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, अपितु समस्त क्षेत्रवासियों के लिए आत्म-साक्षात्कार और आध्यात्मिक जागृति का महान अवसर बनेगा। शुभ मुहूर्त में पूजन व गौ-सेवा संकल्प:- पंडित रोहित शर्मा पंडित अरुण शर्मा एवं अन्य उपस्थित पुरोहितों के द्वारा द्वारा सोमवार को शुभ मुहूर्त में क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य की कामना के साथ सर्वप्रथम शिव परिवार का षोडशोपचार विधि से पूजन-अर्चन किया गया । इसके उपरांत, विघ्नहर्ता श्रीगणेश जी की प्रतिमा की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्थापना की गई। इस अवसर पर 'गौ माता' की सेवा और संरक्षण का पवित्र संकल्प भी श्रद्धालुओं को दिलाया गया l प्रतिदिन आयोजन समिति द्वारा मोदक और ऋतुफलों का दिव्य भोग समर्पित किया जाएगा। सायं काल में सुप्रसिद्ध भजन मंडलियों द्वारा हरिनाम संकीर्तन और प्रभु महिमा का गान होगा, जिसके पश्चात संपूर्ण वातावरण को गुंजायमान करती हुई भव्य महाआरती संपन्न होगी। 25 सितंबर, शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के दिन विश्व कल्याण की भावना से विशेष वैदिक यज्ञ आयोजित किया जाएगा। इसमें दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं दिव्य औषधियों की आहुतियां देकर वातावरण का शुद्धिकरण किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: