दिल्ली : रेहान को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन वह और मजबूत होकर उभरेगा : रॉबर्ट वाद्रा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

दिल्ली : रेहान को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन वह और मजबूत होकर उभरेगा : रॉबर्ट वाद्रा

rehan-vadra-facing-challange-robert-vadra
नई दिल्ली। रेहान वाद्रा की फोटो प्रदर्शनी को लेकर जारी विवाद के बीच कारोबारी रॉबर्ट वाद्रा ने रविवार को अपने बेटे के लिए एक भावुक संदेश लिखा जिसमें उन्होंने कहा कि उनका बेटा रेहान अभी कई चुनौतियों का सामना कर रहा है, लेकिन हर अनुभव के साथ वह और मजबूत तथा समझदार बनकर उभरेगा। रॉबर्ट वाद्रा ने राष्ट्रीय राजधानी में हाल ही में हुए 'वोट चोरी' विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें साझा कीं, जिन्हें रेहान ने अपने कैमरे में कैद किया था। उन्होंने लिखा, ‘‘ वह रहा! अपने काम में व्यस्त, अपने काम के प्रति पूरी तरह समर्पित और सभी की भावनाओं का समझदारी से सम्मान करता हुआ।’’ 


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के पति रॉबर्ट वाद्रा ने कहा कि इसके बावजूद रेहान को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन जिंदगी ऐसी ही है। हर चुनौती एक सबक है और हर बाधा खुद को और मजबूत बनाने का अवसर।’’ रॉबर्ट वाद्रा ने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘ मुझे पूरा विश्वास है कि हर अनुभव के साथ वह (रेहान) और मजबूत तथा समझदार बनकर उभरेगा। मेरी शुभकामनाएं हमेशा उसके साथ हैं। ईश्वर उसे शक्ति, बुद्धिमत्ता और आगे बढ़ते रहने का साहस प्रदान करे।’’ रॉबर्ट वाद्रा की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब कुछ दिन पहले बीकानेर हाउस प्रशासन ने रेहान की एकल प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ से पहले दिल्ली में हालिया विरोध प्रदर्शनों की उनकी कई तस्वीरें हटवा दी थीं। बीकानेर हाउस सोसाइटी ने कहा था कि उसकी नीति के अनुरूप नहीं पाए जाने के कारण कुछ तस्वीरों को हटाने के लिए कहा गया था। इससे पहले, पिछले सप्ताह प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर परोक्ष तौर पर निशाना साधते हुए कहा था कि जब सत्ता में बैठा कोई व्यक्ति दूसरे की अभिव्यक्ति से डरने लगता है, तो उसे एहसास नहीं होता कि वह उस सत्ता को पहले ही खो चुका है, जिसे बचाने की वह कोशिश कर रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: