दिल्ली : भाजपा ने खरगे की टिप्पणी पर साधा निशाना, कहा: कांग्रेस ‘माफिया गैंग’ जैसी अधिक प्रतीत होती है - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

दिल्ली : भाजपा ने खरगे की टिप्पणी पर साधा निशाना, कहा: कांग्रेस ‘माफिया गैंग’ जैसी अधिक प्रतीत होती है

nitin-navin-attack-kharge
नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक ‘‘व्यक्तिगत’’ टिप्पणियों को लेकर मल्लिकार्जुन खरगे पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष जिस प्रकार की ‘‘अमर्यादित और असंसदीय’’ भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उनकी पार्टी के ‘‘वैचारिक दिवालियापन’’ को दर्शाता है और अब यह पार्टी ‘‘माफिया गैंग’’ जैसी लगती है। बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर पटना में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति की टिप्पणी ‘‘प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे’’ के जवाब में ‘‘मोदी का बाप भी जाएगा’’ कहकर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे विवादों में घिर गए।


खरगे के इस बयान पर कि कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों को जेल भेजेगी, कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति चिल्लाया, ‘‘जब तक विद्रोह नहीं होगा, मोदी कहीं नहीं जाएंगे।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा, ‘‘मोदी का बाप भी जाएगा।’’ खरगे की इस टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देश की जनता ‘‘इस अमर्यादित राजनीति को भली-भांति देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी’’। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आज पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है।’’ नवीन ने कहा कि राजनीतिक विरोध की भी एक गरिमा होती है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन सार्वजनिक मंच से दिवंगत परिजनों को भाषणों में घसीटना ही अब राहुल गांधी और समूचे विपक्ष की असली ‘संस्कृति’ बन चुकी है।’’ भाजपा ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर कहा, ‘‘कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं... इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है।’’ 


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि खरगे ने आज ‘‘पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं।’’ शाह ने कहा, ‘‘यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा एवं निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है।’’ शाह ने ‘एक्स’ पर कहा कि जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘जब-जब उन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।’’ भाजपा प्रमुख नवीन ने कहा कि जब विपक्ष के पास देश के विकास, नीति और जनकल्याणकारी योजनाओं पर बहस करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता, तो वे ‘‘इसी प्रकार की हताशा और व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेते हैं।’’

कोई टिप्पणी नहीं: