वाराणसी : 25 अक्टूबर को काशी में पीएम मोदी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 21 अक्टूबर 2026

वाराणसी : 25 अक्टूबर को काशी में पीएम मोदी

  • महिलाओं से संवाद, फिर गंगा के आकाश में वायुशक्ति का शौर्य दर्शन

सुबह 10:15 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने का प्रस्तावित कार्यक्रम, खोचवां की अरविंद मिल में महिला कर्मियों से करेंगे संवाद; नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ के साक्षी बनेंगे प्रधानमंत्री

modi-in-varanasi
वाराणसी (सुरेश गांधी)। काशी के आकाश में भारतीय वायुसेना के शौर्य और सामर्थ्य की भव्य तस्वीर उभरने वाली है। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी इस आयोजन को और खास बनाएगी। अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री का कार्यक्रम महिला सशक्तीकरण, रोजगार और देश की सामरिक शक्ति के प्रदर्शन से जुड़ा होगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री करीब साढ़े चार घंटे काशी में रहेंगे। वह एक ओर महिलाओं से संवाद कर रोजगार और आत्मनिर्भरता के प्रयासों को करीब से देखेंगे, तो दूसरी ओर नमो घाट पर गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के विमानों के रोमांचक करतबों के साक्षी बनेंगे।


अरविंद मिल में महिलाओं से रूबरू होंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री सुबह करीब 10:15 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। यहां से वह मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां स्थित अरविंद मिल की यूनिट जाएंगे। इस इकाई में प्रशिक्षित महिलाएं काम कर रही हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यहां करीब 300 महिलाएं प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जुड़ी हैं। महिलाओं से संवाद के दौरान उनके प्रशिक्षण, कामकाज और रोजगार के अनुभवों पर चर्चा होने की उम्मीद है। यह इकाई स्थानीय स्तर पर महिलाओं को औद्योगिक कार्यों से जोड़ने के प्रयास का उदाहरण है। प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण के साथ स्थानीय रोजगार और कौशल विकास की तस्वीर भी प्रमुखता से सामने आ सकती है।


गंगा के ऊपर वायुसेना के शौर्य के साक्षी बनेंगे

खोचवां से प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर के जरिए पुलिस लाइन पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से नमो घाट जाएंगे, जहां भारतीय वायुसेना का विशेष हवाई प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। ‘विंग्स ओवर गंगा’ की थीम पर होने वाले इस आयोजन में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, मिग-29 और स्वदेशी तेजस जैसे लड़ाकू विमान अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी अपने करतबों से दर्शकों को रोमांचित करेगी। गंगा की लहरों और काशी के ऐतिहासिक घाटों की पृष्ठभूमि में विमानों की गर्जना, तिरंगे के रंगों से सजा आसमान और हेलीकॉप्टरों की सधी हुई उड़ान इस आयोजन को विशिष्ट बनाएगी। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित यह प्रदर्शन युवाओं को विमानन, आधुनिक तकनीक और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करने का भी प्रयास है।


दोपहर 2:45 बजे रवाना होने का कार्यक्रम

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर करीब 2:45 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से रवाना होंगे। इस दौरान उनके आवागमन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है। प्रधानमंत्री के दौरे और एयर शो को देखते हुए आयोजन स्थल तथा संबंधित मार्गों पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।


काशी के लिए खास क्यों?

यह आयोजन एक ओर प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में महिला रोजगार और कौशल विकास की पहल को सामने लाएगा, तो दूसरी ओर भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमता और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करेगा। गंगा के ऊपर आसमान में बनने वाली विमानों की आकृतियां काशी की सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक भारत की सामरिक शक्ति को एक साथ प्रस्तुत करेंगी। खास यह की कार्यक्रम में परिवर्तन संभव है 

कोई टिप्पणी नहीं: