दिल्ली : राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री पर खरगे की टिप्पणी को ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

दिल्ली : राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री पर खरगे की टिप्पणी को ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया

rajnath-condemn-kharge
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी की निंदा करते हुए इसे ‘‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’’ बताया और कहा कि यह टिप्पणी दर्शाती है कि मुख्य विपक्षी दल को न केवल राजनीतिक, बल्कि वैचारिक पतन का भी सामना करना पड़ा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को एक कार्यक्रम में कथित तौर पर कहा था, ‘‘मोदी का बाप भी जाएगा’’, जिस पर विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने बिहार के पटना में एक कार्यक्रम के दौरान यह टिप्पणी उस समय की, जब वहां मौजूद लोगों में से एक व्यक्ति ने कहा कि ‘‘प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे।’’ यह घटना बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में खरगे के संबोधन के दौरान हुई। खरगे की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर राजनाथ सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि यह ‘‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’’ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी से देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। सिंह ने कहा, ‘‘खरगे जी जिस पद पर हैं, उसे देखते हुए उनसे सार्वजनिक जीवन में अधिक गंभीरता, संयम, गरिमा और जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा की जाती है। यदि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वयं इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं, तो यह न केवल उनके पद की गरिमा के विपरीत है, बल्कि कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का स्तर हर दिन गिर रहा है। सिंह ने कहा कि खरगे की टिप्पणी दर्शाती है कि कांग्रेस को न केवल राजनीतिक, बल्कि वैचारिक पतन का भी सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि लोकतंत्र में जनता हर बात का हिसाब रखती है और समय आने पर उचित जवाब देती है।’’

कोई टिप्पणी नहीं: