दिल्ली : यमुना फेरी सेवा से पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद : रेखा गुप्ता - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

दिल्ली : यमुना फेरी सेवा से पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद : रेखा गुप्ता

cm-rekha-gupta
नई दिल्ली, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार से जगतपुर तक विकसित की जा रही यमुना फेरी सेवा परियोजना का सोमवार को निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने कहा कि इस परियोजना से यमुना नदी के पुनरुद्धार प्रयासों को गति मिलने के साथ-साथ दिल्ली में पर्यटन और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने परियोजना स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से इसके बारे में विस्तृत जानकारी ली। सीएमओ के मुताबिक, परियोजना के तहत फेरी सेवा शुरू होने से लोगों को दिल्ली में पर्यटन के लिए एक नया आकर्षण मिलने की उम्मीद है। इससे यमुना नदी के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। गुप्ता ने कहा, "नमो यमुना क्रूज सफारी’ के ट्रायल रन शुरू हो गए हैं। आज सोनिया विहार से जगतपुर तक 6 किलोमीटर के रूट का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की।" उन्होंने कहा कि अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। गुप्ता ने कहा, "हमारी कोशिश है कि छठ महापर्व से पहले यह सेवा शुरू हो जाए। दिल्ली के लोग अपने परिवार के साथ माँ यमुना के दर्शन कर सकें, क्रूज की सैर का आनंद लें और उन्हें राजधानी में ही पिकनिक मनाने के लिए एक नई जगह मिले। इससे दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय कारोबार बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।" सीएमओ के मुताबिक, परियोजना से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होने की भी उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं: