व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस से टेलीविजन के माध्यम से राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "जैसा हमने कहा, अलकायदा लगातार हमारे खिलाफ षड्यंत्र रच रहा है और इसके सरगना लगातार अफगानिस्तान और पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में पैठ बढ़ा रहे हैं।" उन्होंने इराक में जीत का दावा नहीं किया और कहा कि इराक में सात वर्षो के खूनखराबे के बाद अब स्थिति बदलने का समय है। यह समय देश की अर्थव्यवस्था में सुधार और अफगानिस्तान युद्ध को प्राथमिकता देने का है।
उन्होंने कहा, "हम अलकायदा को तबाह और पराजित करके एक बार फिर अफगानिस्तान को आतंकवादियों का आधार बनने से रोकेंगे। इराक से वापसी के बाद हम अब हमले के लिए आवश्यक स्रोतों को वहां लगा सकेंगे।" ओबामा ने कहा कि पिछले 19 महीनों के दौरान पूरी दुनिया में अलकायदा के करीब 12 सरगना और सैकड़ों आतंकवादी पकड़े या मारे गए हैं। ओबामा ने कहा, "परंतु इराक की तरह ही हम अफगानिस्तान के लिए काम नहीं कर सकते, उनको खुद अपनी जिम्मेदारी संभालनी होगी।" उन्होंने कहा कि पूर्व घोषणा के अनुसार अमेरिका अगली जुलाई से अफगानिस्तान को जिम्मेदारी का हस्तांतरण शुरू कर देगा। ओबामा ने कहा कि वहां से सैनिकों की वापसी की गति का निर्धारण जमीनी हकीकत के आधार पर होगा और अफगानिस्तान को समर्थन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि इराक को अपने भविष्य को आकार देने का मौका उपलब्ध कराने के लिए अमेरिका ने भारी कीमत चुकाई है। इसके लिए अमेरिका के 4,400 सैनिक मारे गए, हजारों सैनिक घायल हुए और मार्च 2003 से सैकड़ों अरब डॉलर खर्च हुए।
ओवल ऑफिस से सीधे टेलीविजन प्रसारण में ओबामा ने कहा, "आज रात मैं इराक में अमेरिकी सैन्य अभियान की समाप्ति की घोषणा करता हूं। ऑपरेशन इराकी फ्रीडम समाप्त हो चुका है और अब इराक के लोग अपने देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद संभालेंगे।"
उधर अमेरिका के रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स बुधवार को बगदाद पहुंच गए। अधिकारियों के अनुसार वह इराक के प्रधानमंत्री नूर अल-मलिकी, रक्षा मंत्री और अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से भेंट करेंगे। अमेरिका के उप राष्ट्रपति जो बिडेन सोमवार से ही बगदाद में हैं। इराक की सेना को प्रशिक्षित करने के लिए करीब 50,000 अमेरिकी सैनिक इराक में बने रहेंगे। अमेरिकी विदेश विभाग 'न्यू डॉन' नामक इस अभियान का निर्देशन करेगा।

1 टिप्पणी:
भगवान के घर में देर है अंधेर नहीं ,इराक से युद्ध करना की अंधेर था जिसकी वजह से अमेरिका की हालत ख़राब हो गयी ,बुड़े काम का बुड़ा नतीजा ,खैर ओबामा का युद्ध समाप्ति का कदम एकदम सही और इंसानियत के अनुकूल है ,इस कदम का स्वागत किया जाना चाहिए ...
एक टिप्पणी भेजें