मध्यप्रदेश के रीवा जिले में एक मुरम खदान में अवैध उत्खनन कर रही एक जेसीबी मशीन के चालक ने एक प्रशिक्षु थाना प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। दोनों पुलिसकर्मियों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के सिरमौर थाना क्षेत्र के उमरी गांव के पास स्थित एक मुरम की खदान में अवैध उत्खनन में लगी एक जेसीबी मशीन ने एक टीआई और एक प्रधान आरक्षक को कुचलने की कोशिश की। हादसे में दोनों पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं हैं। उन्होंने बताया कि सिरमौर थाने में टीआई प्रशिक्षु थाना प्रभारी सतना निवासी डीपी सिंह और प्रधान आरक्षक माणिक राम तिवारी शनिवार रात लगभग साढे आठ बजे गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक मुरम खदान से एक जेसीबी मशीन द्वारा अवैध उत्खनन होते देखा। दोनों पुलिसकर्मी अपना सरकारी वाहन खडा करके खदान के पास पहुंचे और चालक से पूछताछ की कोशिश करने लगे।
पुलिस के मुताबिक इसी दौरान सीधी जिले के रामपुर नैकिन निवासी जेसीबी चालक मनोज कुमार शर्मा ने भागने की कोशिश में जेसीबी पुलिसकर्मियों की ओर बढा दी। दोनों पुलिसकर्मी बचने के लिए भागे और इसी दौरान मुरम की खदान के गड्ढे में जा गिरे। गिरने से दोनों के पैरों में मामूली चोटें आईं हैं। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 307 का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इसी दौरान जेसीबी और वहीं अवैध उत्खनन कर रहे एक डंपर को भी जब्त कर लिया है। डंपर पर उत्तरप्रदेश का नंबर दर्ज है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें