जनता दल (यू) के अध्यक्ष शरद यादव ने बहुब्रांड खुदरा व्यापार में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति देने के मोदी सरकार के कदम की आलोचना करते हुए कहा है कि इससे देश में बेराेजगारी और बढ़ेगी तथा छोटे-मोटे व्यापार बंद हो जायेंगे। श्री यादव ने आज यहाँ जारी बयान में कहा है कि वह बार-बार संसद और इसके बाहर बहुब्रांड खुदरा व्यापार में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का मुद्दा उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आने के पहले खुदरा व्यापार में विदेशी निवेश के विरोध के मामले में उनके साथ थी लेकिन अब वह उससे पलट रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश में दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था लेकिन नौकरी देने की बात तो दूर वह अब प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति दे रही है जिससे बेरोजगारी अौर बढ़ेगी। श्री यादव ने कहा कि मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग ने जब जनरल स्टोर्स और किराने की दुकान खोला था तब वे संतुष्ट थे लेकिन जब प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के माध्यम से अन्तर्राष्ट्रीय ब्रांड देश में आयेंगे तो ये छोटी दुकानें बंद हो जायेगी।
जद(यू) नेता ने कहा कि पूर्व में कोई ऐसे प्रधानमंत्री नहीं थे जिन्होंने जल्दी-जल्दी विदेश यात्रा की हो। उन्होंने कहा कि लोगों को टीवी चैनलों के माध्यम से उन देशों के विरासत स्थलों को देखने का अवसर भले मिल रहा हो लेकिन उनसे देश का कोई भला होने वाला नहीं है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें