जमशेदपुर, शिवेंद्र सिंह, 17 मार्च। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने संगठन को सशक्त करने के उद्देश्य से पुराने व कर्मठ कार्यकर्ताओं को संगठन में नई जिम्मेदारी देने की पहल की है I पार्टी ने पहली बार जिला स्तर पर कार्यकारी अध्यक्ष समेत अन्य पदों को सृजित कर समर्पित कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारी देने की शुरुआत की है। इसी कड़ी में केन्द्रीय कांग्रेस समिति के कार्यसमिति सदस्य व पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रभारी कें राजू की अनुशंसा पर पार्टी द्वारा जमशेदपुर निवासी, पुराने कांग्रेसी कार्यकर्ता अवधेश कुमार सिंह को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के राज्याध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने राज्य कांग्रेस की तरफ से पत्र जारी कर अवधेश कुमार सिंह की नियुक्ति की पुष्टि की है।
जमशेदपुर के कॉऑपरेटिव कॉलेज से स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त अवधेश सिंह छात्र जीवन से ही कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं Iवे दो बार कांग्रेस के राज्य प्रतिनिधि के अलावा, यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी रह चुके हैं। श्री सिंह 2000 से 2005 तक पूर्वी सिंहभूम जिला महासचिव, 2006 से 2014 तक महासचिव सह उपाध्यक्ष, 2014 से 2022 तक पुन: महासचिव सह उपाध्यक्ष तथा 2022 से 2025 तक जिला उपाध्यक्ष पद पर अपनी प्रासंगिकता सिद्ध कर चुके हैं। अनायास प्रचार से परहेज कर संगठन की निष्ठा से सेवा करने की अवधेश सिंह की नीति ने ही संभवतः पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर उनकी ताजपोशी का मार्ग प्रशस्त किया है। श्री सिंह ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व समेत झारखंड प्रभारी के.राजू और झारखंड अध्यक्ष केशव महतो कमलेश का आभार प्रकट करते हुए जिले में कांग्रेस को नई बुलंदियों तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें