भदोही : पहले दिन ही 4200 वर्गमीटर बुक, विदेशी खरीदारों का भी बढ़ा रुझान - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 20 अगस्त 2026

भदोही : पहले दिन ही 4200 वर्गमीटर बुक, विदेशी खरीदारों का भी बढ़ा रुझान

  • 42 देशों के 144 खरीदारों ने कराया पंजीकरण, ग्राउंड फ्लोर का हॉल-शॉप एरिया फुल

Bhadohi-carpet-expo
भदोही/वाराणसी (सुरेश गांधी)। भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय कारोबारी मंच इंडिया कार्पेट एक्सपो के 50वें गोल्डन जुबली संस्करण को लेकर बाजार की हलचल तेज हो गई है। चार से सात अक्टूबर तक कार्पेट एक्सपो मार्ट, भदोही में प्रस्तावित एक्सपो की स्टॉल बुकिंग शुरू होते ही निर्यातकों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। बुकिंग के पहले ही दिन करीब 4200 वर्गमीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक हो गया। इससे साफ है कि स्वर्ण जयंती संस्करण को लेकर घरेलू निर्यातकों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार की उम्मीदें भी मजबूत हैं। बुकिंग शुरू होते ही ग्राउंड फ्लोर का हॉल और शॉप एरिया पूरी तरह बुक हो गया। ऊपरी हॉल में भी सीमित स्थान ही अब उपलब्ध है। वहीं प्रथम और द्वितीय तल के शॉप एरिया में प्रदर्शनी स्थल अभी उपलब्ध हैं, जहां बुकिंग के लिए निर्यातकों की सक्रियता लगातार बनी हुई है। सीमित स्थान को देखते हुए परिषद ने इच्छुक निर्यातकों से जल्द बुकिंग सुनिश्चित करने की अपील की है।


42 देशों से पहुंचेंगे 144 विदेशी खरीदार

परिषद के अध्यक्ष मुकेश कुमार गोम्बर ने बताया कि एक्सपो की अंतरराष्ट्रीय तस्वीर भी उत्साह बढ़ाने वाली है। अब तक 42 देशों के 144 विदेशी खरीदार इसमें शामिल होने के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में खरीदारों की संख्या और बढ़ सकती है। स्वर्ण जयंती संस्करण में भारतीय कालीनों की नई डिजाइन, पारंपरिक शिल्प और आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप उत्पादों को वैश्विक खरीदारों के सामने रखने की तैयारी है।


नए बाजारों तक पहुंचेगा भदोही का हुनर

कालीन निर्यात संवर्धन परिषद द्वारा आयोजित यह एक्सपो भारतीय कालीन उद्योग के लिए केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि वैश्विक कारोबार का महत्वपूर्ण संपर्क केंद्र है। विदेशी खरीदारों और भारतीय निर्यातकों की सीधी कारोबारी मुलाकातों के जरिए नए बाजार तलाशने, पुराने कारोबारी रिश्तों को मजबूत करने और निर्यात के नए अवसर खोलने की कोशिश होगी। भदोही के कालीन उद्योग के लिए 50वां संस्करण इसलिए भी खास है कि यह आयोजन जिले की हस्तनिर्मित कालीन परंपरा को वैश्विक बाजार में नई पहचान देने का अवसर लेकर आया है। परिषद को उम्मीद है कि गोल्डन जुबली इंडिया कार्पेट एक्सपो भारतीय कालीन निर्यात को नई गति देने के साथ भदोही समेत देशभर के निर्यातकों के लिए कारोबार के नए दरवाजे खोलेगा। पहले दिन की बुकिंग और विदेशी खरीदारों के पंजीकरण ने एक्सपो की शुरुआत से पहले ही उसकी संभावनाओं का संकेत दे दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं: